गजब: सजा सुनते ही अदालत से फरार हुआ चेक बाउंस का दोषी, पुलिस में मचा हड़कंप

सजा सुनते ही अदालत से फरार हुआ चेक बाउंस का दोषी, पुलिस में मचा हड़कंप

रिपोर्ट- अमित भट्ट

देहरादून। चेक बाउंस के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के तुरंत बाद अभियुक्त अदालत परिसर से फरार हो गया। शुक्रवार को हुई इस घटना से कोर्ट स्टाफ और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, कलियर क्षेत्र के रहमतपुर निवासी नीरज गोस्वामी के खिलाफ चेक बाउंस का मामला दर्ज था। शुक्रवार को वह निर्धारित तिथि पर रामनगर स्थित अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश हुआ। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए दो वर्ष की सजा सुनाई।

सजा तय होने के बाद कोर्ट मोहर्रिर जब अभियुक्त को कोर्ट रूम से बाहर ले जा रहा था, तभी नीरज ने मौका पाकर हाथ छुड़ाया और कोर्ट परिसर से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से कोर्ट कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। स्टाफ ने शोर मचाते हुए उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।

घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। देर शाम तक पुलिस ने अभियुक्त के परिचितों और रिश्तेदारों के घरों पर कई दबिशें दीं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।

एसपी देहात शेखर सुयाल ने बताया कि सजा सुनाए जाने के बाद अभियुक्त का अदालत परिसर से फरार होना गंभीर मामला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में गंगनहर कोतवाली में फरारी का अलग से मुकदमा दर्ज किया जाएगा।