जवान की मौत, नदी में गिरा वाहन और स्मैक तस्करी का खुलासा
खटीमा के चंदेली क्षेत्र से बाइक पर पिता के साथ घर सितारगंज के कैलाशपुरी लौट रहे आईटीबीपी जवान त्रिलोकी कुमार (32 वर्ष) की सड़क हादसे में मौत हो गई।
सितारगंज के बघौरा के पास तेज रफ्तार खनन डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता ओम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को उपजिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार त्रिलोकी कुमार वर्तमान में लेह-लद्दाख में तैनात थे और अवकाश पर घर आए थे। मृतक के पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। लगातार हो रहे सड़क हादसों और खनन वाहनों की लापरवाही को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
बोलेरो कैंपर अलकनंदा नदी में गिरा, एक की मौत, रेस्क्यू जारी
रुद्रप्रयाग जनपद के रैंतोली पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार देर रात एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर हाईवे से करीब 100 मीटर गहरी खाई से होते हुए अलकनंदा नदी में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य संभावित यात्रियों की तलाश जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, जल पुलिस और 108 एंबुलेंस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद एक शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वाहन नदी में डूबा है या बह गया है, इसका अब तक पता नहीं चल सका है।
दिनदहाड़े चोरी का 8 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के बद्रीपुरा में बुजुर्ग महिला के घर हुई दिनदहाड़े चोरी की घटना का नैनीताल पुलिस ने महज आठ घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी वीरेंद्र सिंह बिष्ट (34 वर्ष), निवासी जिला अल्मोड़ा को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और जमीन की रजिस्ट्री से भरा बक्सा बरामद किया है।
आरोपी किराये पर कमरा लेने के बहाने घर में घुसा था और मौका पाकर चोरी कर फरार हो गया था। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले का सफल अनावरण करने वाली टीम को सराहना देते हुए नागरिकों से किरायेदार सत्यापन कराने की अपील की है।
62 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अवैध शराब पर भी कार्रवाई
मुखानी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 207 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 62 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में धनपाल (नैनीताल) और रामचंद्र (शाहजहांपुर, यूपी) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत के चलते स्मैक तस्करी की बात स्वीकार की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। वहीं चोरगलिया थाना पुलिस ने अलग कार्रवाई में 62 पाउच कच्ची शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।



