बिग ब्रेकिंग: देहरादून में शीत आपातकाल, जिला स्तरीय अधिकारियों की छुट्टियों पर रोक। आदेश जारी

देहरादून में शीत आपातकाल, जिला स्तरीय अधिकारियों की छुट्टियों पर रोक। आदेश जारी

देहरादून। जनपद देहरादून में भीषण ठंड, घने कोहरे और शीतलहर के लगातार बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। शीत आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिवादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून द्वारा आपदा प्रबंधन अधिनियम–2005 की धारा 30(1), 30(2) एवं धारा 34 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया गया है।

आदेश के तहत जिलाधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी जिला स्तरीय अधिकारी का आकस्मिक अथवा अर्जित अवकाश न तो स्वीकृत किया जाएगा और न ही अग्रसारित किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों का आम जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, ऐसे में त्वरित निर्णय लेने के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए अधिकारियों की सतत उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है।

यह आदेश सक्षम स्तर से अनुमोदन के उपरांत जारी किया गया है तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून कृष्ण कुमार मिश्रा द्वारा हस्ताक्षरित है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शीत आपदा से निपटने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

देखें आदेश:-