गंगा में मल गिराने का वीडियो वायरल। अलकनंदा क्रूज पर लगा जुर्माना
रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर
वाराणसी। गंगा नदी को प्रदूषित करने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। रविदास घाट पर खड़े अलकनंदा क्रूज से गंगा में मल गिराने का वीडियो सामने आने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने क्रूज प्रबंधन पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
देखें वीडियो:-
साथ ही क्रूज संचालकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। यह मामला उस समय उजागर हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा गया कि अलकनंदा क्रूज के एक वाल्व से मल सीधे गंगा नदी में गिर रहा है। वीडियो सामने आते ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निगम और जिला प्रशासन हरकत में आ गया।
नगर निगम की ओर से गठित जांच समिति ने मामले की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को सौंपी। जांच रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित समय पर क्रूज नियमित मेंटेनेंस के लिए घाट पर खड़ा था। क्रूज प्रबंधन का दावा है कि सेप्टिक टैंक और सीवरेज सिस्टम की सफाई पहले ही की जा चुकी थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि जिस स्थान से मल गिरता हुआ दिखाई दिया, वह एक इमरजेंसी वाल्व था, जिसे तकनीकी जांच के लिए अस्थायी रूप से खोला गया था। इसी दौरान क्रूज के किसी कर्मचारी द्वारा शौचालय का उपयोग किए जाने से मल सेप्टिक टैंक में जाने की बजाय इमरजेंसी वाल्व के जरिए सीधे गंगा में चला गया।
हालांकि प्रशासन ने इस स्पष्टीकरण को गंभीर लापरवाही मानते हुए क्रूज प्रबंधन पर जुर्माना लगाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गंगा जैसे पवित्र और संवेदनशील जलस्रोत में किसी भी प्रकार की गंदगी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्रूज संचालन और सीवरेज व्यवस्था की सख्त निगरानी की जाएगी।



