उत्तराखंड में हादसों का कहर। हल्द्वानी में मासूम की मौत, नैनीताल में पर्यटक खाई में गिरे, हरिद्वार में तीन जानें गईं
उत्तराखंड में बीते 48 घंटे के भीतर अलग–अलग जिलों से सामने आई घटनाओं ने एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही, तेज रफ्तार और असुरक्षा के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क हादसों, लापरवाही और नशे से जुड़ी घटनाओं में कई लोग घायल हुए, जबकि कई परिवार अपनों को खो बैठे।
यह भी देखें:-
हल्द्वानी: गड्ढे ने ली 13 वर्षीय मासूम की जान
नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित जगदंबा नगर में सड़क पर बने गड्ढे के कारण 13 वर्षीय अर्जुन की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया।
मंगलवार को कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मौके पर पहुंचकर यूयूएसडीए और एडीबी के कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने साफ कहा कि अब समीक्षा बैठकें दफ्तरों में नहीं, मौके पर होंगी। बिना साइनेज और अधूरे कार्यों पर अफसरों को फटकार लगाई गई और लापरवाह ठेकेदारों पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। अमरावती मार्ग से अतिक्रमण हटाने के भी आदेश दिए गए।
नैनीताल: हनुमानगढ़ी के पास पर्यटकों की कार खाई में गिरी
नैनीताल घूमकर लौट रहे रामपुर (यूपी) के पर्यटकों की कार हनुमानगढ़ी के पास 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए।
तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग ने करीब एक घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को खाई से बाहर निकाला। घायलों का बीडी पांडे अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है।
हरिद्वार: शराब के नशे में युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में एक युवक शराब के नशे में 50 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। बताया गया कि पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने यह खतरनाक कदम उठाया था। इससे पहले भी क्षेत्र में ऐसी घटना सामने आ चुकी है।
हरिद्वार में तीन अलग-अलग हादसों में तीन मौतें
हरिद्वार जिले में नए साल के पहले हफ्ते में लगातार तीन दर्दनाक सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई—
- ज्वालापुर: पोस्ट ऑफिस कर्मचारी वैभव कुमार को ट्रक ने कुचल दिया
- मंगलौर: ट्रक का टायर फटने से बाइक सवार युवक की मौत
- बहादराबाद: बस की टक्कर से 23 वर्षीय महिला की मौके पर मौत
पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और फरार चालकों की तलाश की जा रही है।
हल्द्वानी: गौला पुल से युवती गिरी, हालत गंभीर
हल्द्वानी के गौला पुल (NH-109) से एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई। युवती गंभीर रूप से घायल है और निजी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती पहले भी मानसिक व चिकित्सकीय समस्याओं से जूझ रही थी। मामले की जांच जारी है।
लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, प्रशासनिक निगरानी, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और नशे पर नियंत्रण जैसे मुद्दों को केंद्र में ला दिया है। सवाल यही है कि, क्या हर बार किसी की जान जाने के बाद ही सिस्टम जागेगा?



