बड़ी खबर: संकरी सर्विस रोड से नाराज़ ग्रामीण, जन संघर्ष मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

संकरी सर्विस रोड से नाराज़ ग्रामीण, जन संघर्ष मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

विकासनगर। ग्राम मेंहूवाला-अंबाड़ी में निर्माणाधीन पुल के चलते सर्विस रोड संकरी किए जाने के मामले में जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएनवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी भड़क उठे।

नेगी ने मोर्चा पदाधिकारियों व ग्रामीणों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और विभागीय कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान नेगी ने कहा कि नहर किनारे बनी सर्विस रोड पहले काफी चौड़ी हुआ करती थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण अब इसकी चौड़ाई मात्र 7 से 8 फीट रह गई है।

इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुल की अप्रोच भी बेढंगे तरीके से बनाई गई है, जो आम जनता के लिए परेशानी का सबब बन रही है।

मौके पर ही नेगी ने दूरभाष पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता (एचओडी) शर्मा एवं अधिशासी अभियंता तिवारी से वार्ता कर ग्रामीणों की समस्या से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की। अधिकारियों की ओर से जल्द समस्या के निदान का आश्वासन दिया गया।

हालांकि, नेगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही सर्विस रोड की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो जन संघर्ष मोर्चा कार्यालय पहुंचकर आंदोलन के लिए मजबूर होगा।

इस अवसर पर टीम में महासचिव आकाश पंवार, दिलबाग सिंह, हाजी असद, प्रवीण शर्मा पिन्नी, पूर्व प्रधान बलबीर सिंह, रमेश कंडवाल, के.सी. चंदेल, प्रमोद शर्मा, चौ. मामराज, देवी सिंह, जुल्फिकार अली, अनूप उपाध्याय, सुरेंद्र सिंह, ईश्वर लाल, कमल सिंह, शांति शर्मा, खजान सिंह, दिनेश गुप्ता, जयपाल सिंह, राजू, सुरेश कुमार, जाबिर, चरण सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।