क्राइम: उत्तराखंड में अपराध और अव्यवस्थाओं की बाढ़। चोरी, मुठभेड़, संदिग्ध मौतें और बड़े प्रशासनिक फैसले सुर्खियों में

उत्तराखंड में अपराध और अव्यवस्थाओं की बाढ़। चोरी, मुठभेड़, संदिग्ध मौतें और बड़े प्रशासनिक फैसले सुर्खियों में

देहरादून। उत्तराखंड के कई जिलों में मंगलवार का दिन घटनाओं से भरा रहा। कहीं बेखौफ चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया, तो वहीं जंगल क्षेत्रों में आतंक का पर्याय बन चुके गुलदार को शूटर ने ढेर किया।

रुद्रपुर में पुलिस ने कुख्यात इनामी बदमाश के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की, जबकि हरिद्वार में किशोरी और नवविवाहिता की संदिग्ध मौतों ने सनसनी फैला दी। इस बीच देहरादून में सरकार ने कानूनों के सुधार को लेकर बड़ा निर्णय लिया।

रामनगर: लाखों की चोरी, चोर जेवरात और नकदी ले उड़े

रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। परिवार शादी में गया हुआ था और लौटकर देखा तो ताले टूटे थे तथा अलमारी से 5–10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व नगदी गायब थी। चोर फ्रिज में रखी मिठाई और केला तक खाकर चले गए। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पौड़ी: शूटर जॉय हुकिल और वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुलदार का खात्मा किया

गजल्ड़ गांव के आसपास पिछले सप्ताह से सक्रिय और कई बार ग्रामीणों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे गुलदार को ट्रैक कर शूटर जॉय हुकिल ने मार गिराया। लंबे समय से दहशत झेल रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

रुद्रपुर: 25 हजार का इनामी बदमाश ‘मानू’ मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार

गदरपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी मानू को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ चोरी, लूट और हमले सहित 17 मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एसएसपी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाते रहे।

हरिद्वार: किशोरी और नवविवाहिता की दो संदिग्ध मौतों से हड़कंप

ज्वालापुर में एक नवविवाहिता अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं सिडकुल में फोन को लेकर हुए विवाद के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने आत्महत्या कर ली। दोनों घटनाओं ने परिवारों को सदमे में डाल दिया है।

हरिद्वार—फरार आरोपी दबोचे, 50 हजार का इनामी महाराष्ट्र से गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस ने मंगलवार को दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को महाराष्ट्र से पकड़कर लाया गया, जो चिट्स एंड फंड मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। साथ ही 15 साल से फरार वारंटी को अमरोहा से गिरफ्तार किया गया।

देहरादून: जन विश्वास अध्यादेश लागू, छोटे अपराधों में जेल की जगह अब भारी जुर्माना

धामी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्य में कई कानूनों में सुधार किया है। 52 अधिनियमों में अपराधों के लिए कारावास को समाप्त कर उनके स्थान पर भारी अर्थदंड लगाने का निर्णय लिया गया।

पहले चरण में 7 अधिनियम संशोधित किए गए हैं। हर तीन साल में इन जुर्मानों में 10% की वृद्धि भी होगी। इससे सरकारी प्रक्रियाएं सरल होंगी और जनता को राहत मिलेगी।