बिग ब्रेकिंग: 5000 की रिश्वत और करियर तबाह। रंगे हाथ पटवारी गिरफ्तार

5000 की रिश्वत और करियर तबाह। रंगे हाथ पटवारी गिरफ्तार

बागेश्वर।  उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) प्रवीण सिंह टाकुली को ₹5000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पूरे तहसील क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, स्याली निवासी मनोज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी तस्दीक, पैमाइश और बैनामा प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विजिलेंस ने प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए।

इसके बाद शनिवार को ट्रैप टीम का गठन किया गया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹5000 की रिश्वत ली, विजिलेंस टीम ने मंडलसेरा स्थित पटवारी चौकी में ही उसे दबोच लिया। मौके से बरामद नकदी को कब्जे में ले लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी प्रवीण टाकुली क सूपी गांव का निवासी है और वर्तमान में मंडलसेरा में रह रहा था। विजिलेंस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। विभाग आरोपी से पूछताछ कर रहा है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के सरकारी महकमों में हलचल है। विजिलेंस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है, तो निर्भीक होकर शिकायत दर्ज कराएं।