अलीगढ़ मर्डर केस में बड़ा मोड़। महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडे निकली मास्टरमाइंड, प्रेम और धोखे की कहानी में हत्या का अंत
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुए चर्चित अभिषेक गुप्ता मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 15 दिन की तलाश के बाद पुलिस ने हत्या की मुख्य आरोपी पूर्व महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडे उर्फ अन्नपूर्णा भारती को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पूजा शकुन को पुलिस पहले से ही इस पूरे मामले की मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) मान रही थी।
26 सितंबर की शाम को अलीगढ़ के खैर कस्बे में बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
अभिषेक अपने पिता नीरज गुप्ता और चचेरे भाई जीतू के साथ बस में सवार होने ही वाले थे कि तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। मौके पर ही अभिषेक की मौत हो गई, जबकि हत्यारे फरार हो गए।
वारदात के बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या की साजिश अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव और महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडे ने अपने पति अशोक पांडे के साथ मिलकर रची थी।
पूजा पर पुलिस ने ₹50,000 का इनाम भी घोषित किया हुआ था। पुलिस ने पहले ही पति अशोक पांडे के साथ दोनों शूटरों फजल और आसिफ को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि पूजा शकुन और अभिषेक के बीच पुराने पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंध थे।
दोनों के परिवार एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। पूजा शकुन के पिता शिक्षक थे और अभिषेक के पिता से उनका पुराना परिचय था। इसी संबंध के चलते अभिषेक और पूजा का संपर्क वर्षों तक बना रहा।
पढ़ाई में मेधावी पूजा शकुन ने गणित में एमफिल किया और गाजियाबाद के एक कॉलेज में प्रोफेसर के रूप में कार्य किया। बाद में उन्होंने मैनपुरी निवासी अशोक पांडे से लव मैरिज की थी।
2016 में वह हिंदू महासभा से जुड़ीं और अपने विवादित बयानों और गतिविधियों के चलते सुर्खियों में रहीं। वर्ष 2021 में उन्हें निरंजनी अखाड़ा द्वारा महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई थी।
अभिषेक के पिता नीरज गुप्ता ने पुलिस को बताया कि पूजा शकुन और उनके बेटे के बीच अवैध संबंध थे। जब अभिषेक ने उनसे दूरी बनानी शुरू की और पूजा का नंबर ब्लॉक कर दिया, तो पूजा ने नाराज होकर यह हत्या की साजिश रची।
बताया गया कि पूजा अभिषेक के टीवीएस शोरूम में हिस्सेदारी भी चाहती थी। जब अभिषेक ने इससे इनकार किया, तो उसने पति अशोक पांडे के साथ मिलकर सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी।
फिलहाल पुलिस ने पूजा शकुन पांडे को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है और उसे अलीगढ़ लाया जा रहा है। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि अब मामले की पूरी साजिश की परतें खुलने लगी हैं, और पुलिस जल्द ही चार्जशीट दाखिल करेगी।
यह मामला न केवल अलीगढ़ बल्कि पूरे उत्तर भारत में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि एक धार्मिक पद धारण करने वाली महिला द्वारा इस तरह की साजिश और हत्या ने समाज को झकझोर कर रख दिया है।