विश्व मानक दिवस पर BIS देहरादून का बड़ा अभियान, चार शहरों में होंगे मानक महोत्सव
देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून शाखा कार्यालय उपभोक्ता सुरक्षा, गुणवत्ता आश्वासन और उद्योगों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में लगातार सक्रिय है।
यह शाखा उत्तराखंड के 13 जिलों, उत्तर प्रदेश के 5 जिलों और हिमाचल प्रदेश के 1 जिले में मानकीकरण और नियामक अनुपालन को जन-जन तक पहुँचाने के प्रयास कर रही है।
इस वर्ष विश्व मानक दिवस पर SDG 17 थीम को ध्यान में रखते हुए, BIS ने प्रदेश के चार प्रमुख स्थलों पांवटा साहिब, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर और रुद्रपुर में मानक महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया है।
इन कार्यक्रमों का समापन 14 अक्टूबर को देहरादून में होगा। उद्देश्य है कि, लोगों को यह समझाना कि सही मानक न केवल उपभोक्ता सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और सतत भविष्य बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
उद्योग सशक्तिकरण और उपभोक्ता सुरक्षा
BIS ने उद्योगों को आगामी ओम्निबस तकनीकी विनियमों के संदर्भ में समयपूर्व मार्गदर्शन देना शुरू किया है ताकि वे अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों को अपनाने के लिए तैयार हों। साथ ही, अब तक 700 से अधिक उत्पाद अनिवार्य ISI मार्क के अंतर्गत लाए गए हैं, जिनमें फुटवियर, इलेक्ट्रिकल सामान, सीमेंट और सरिया शामिल हैं।
1 सितंबर 2025 से चाँदी के आभूषणों और वस्तुओं पर HUID आधारित हॉलमार्किंग लागू हो चुकी है। नए मानक IS 2112:2025 के तहत सात शुद्धता ग्रेड तय किए गए हैं। अब उपभोक्ता “BIS Care App” के जरिए तुरंत किसी भी हॉलमार्क्ड वस्तु की शुद्धता और विक्रेता की जानकारी जांच सकते हैं।
इसी तरह, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय की कम्पल्सरी रजिस्ट्रेशन स्कीम (CRS) को भी BIS लागू कर रहा है। मोबाइल, स्मार्टवॉच, पावर बैंक, एडॉप्टर और LED प्रोडक्ट खरीदते समय उपभोक्ताओं को CRS चिह्न देखने की सलाह दी गई है।
शैक्षणिक और प्रशासनिक पहल
BIS देहरादून ने IIT रुड़की, GB पंत विश्वविद्यालय, NIT उत्तराखंड और ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट के साथ एमओयू किए हैं। इसके तहत छात्र अध्याय बनाए गए हैं, जहाँ विद्यार्थी मानकों की समीक्षा और सुधार में योगदान देंगे।
साथ ही, प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान नैनीताल में नव नियुक्त राज्य कर्मियों के लिए BIS और उपभोक्ता अधिकारों पर विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
एक राष्ट्र — एक गुणवत्ता
BIS देहरादून शाखा कार्यालय विभिन्न विभागों, उद्योग संगठनों और उपभोक्ता समूहों के साथ समन्वय बनाते हुए “एक राष्ट्र-एक गुणवत्ता” के लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।