बड़ी खबर: पारिवारिक विवाद में युवक की हत्या, छह घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार

पारिवारिक विवाद में युवक की हत्या, छह घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। थाना डालनवाला क्षेत्र की आंबेडकर कॉलोनी में शुक्रवार शाम दो परिवारों के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी में रहने वाले दो परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि सुकिंदर सिंह के बेटे अमन और निखिल ने पड़ोसी परिवार के 22 वर्षीय युवक शिवम को बुलाकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल शिवम को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद कॉलोनी में हंगामा खड़ा हो गया। मौके पर पहुंची डालनवाला पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की और महज छह घंटे के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।