शामली में BIS ने जिला स्तरीय अधिकारियों को मानकों पर किया जागरूक
शामली। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने गुरुवार को विकास भवन, शामली में जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भारतीय मानकों (IS Standards) के प्रति जागरूक करना और सरकारी कार्यों में गुणवत्ता व सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान (IAS) ने की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह और उप जिलाधिकारी (SDM) शामली भी मौजूद रहे।
BIS के निदेशक सौरभ तिवारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विभागीय खरीद प्रक्रियाओं में ISI मार्क युक्त उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि BIS समय-समय पर विभिन्न विभागों के साथ मिलकर मानकों की जानकारी और उनके अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए कार्यशालाएँ आयोजित करता है।
इस मौके पर भवन निर्माण, सड़क निर्माण, खाद्य सुरक्षा, जल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएँ और अन्य सार्वजनिक हित के कार्यों से जुड़े BIS मानकों की जानकारी विस्तार से दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला उपभोक्ता फोरम अधिकारी, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, परिवहन विभाग, जल संस्थान, सिंचाई विभाग, पेयजल निगम, खाद्य सुरक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा वन विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
अधिकारियों को उनके विभागीय कार्यों से संबंधित BIS मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में इन मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया गया।
BIS की इस पहल से जनपद शामली में मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सरकारी कार्यों में गुणवत्ता एवं सुरक्षा को नई दिशा मिलेगी।