प्रधानाचार्य सीधी भर्ती के खिलाफ आज से राजकीय शिक्षक संघ की चॉक डाउन हड़ताल
देहरादून। उत्तराखंड में राजकीय शिक्षक संघ ने प्रधानाचार्य सीधी भर्ती के विरोध में आज से चॉक डाउन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्य प्रभावित हो सकता है।
राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि संघ पदोन्नति के आधार पर प्रधानाचार्य नियुक्ति की मांग कर रहा है और साथ ही स्थानांतरण प्रक्रिया को भी जल्द शुरू करने की मांग उठाई जा रही है।
पहले यह हड़ताल 11 अगस्त से प्रस्तावित थी, लेकिन उत्तरकाशी आपदा को देखते हुए इसे 17 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया था। अब पहले चरण में स्कूल स्तर पर चॉक डाउन हड़ताल की जा रही है।
हालांकि भर्ती समर्थक शिक्षकों ने खुद को इस आंदोलन से अलग कर लिया है, जबकि एलटी समायोजित शिक्षक सशर्त रूप से हड़ताल में शामिल होंगे। संघ ने स्पष्ट किया कि आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगा और आने वाले दिनों में ब्लॉक, जिला, मंडल स्तर से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राम सिंह चौहान ने दावा किया कि बड़ी संख्या में शिक्षक हड़ताल में शामिल हो रहे हैं और जिन्होंने खुद को अलग किया है उनकी संख्या बहुत कम है।