वीडियो: नैनीताल चुनावी संग्राम। अपहरण की गूंज के बीच पंचायत सदस्य वीडियो में बोले, “हम सुरक्षित हैं”

नैनीताल चुनावी संग्राम। अपहरण की गूंज के बीच पंचायत सदस्य वीडियो में बोले, “हम सुरक्षित हैं”

रिपोर्ट- दिलीप अरोरा

नैनीताल। उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025 के दौरान नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव सबसे विवादित रहा। कांग्रेस ने भाजपा और प्रशासन पर अपने पाँच जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण, मारपीट और लापरवाही जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। मामला उच्च न्यायालय तक पहुंच चुका है।

देखें वीडियो:-

लेकिन शुक्रवार देर शाम इस पूरे घटनाक्रम में नया मोड़ आया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वही पाँच जिला पंचायत सदस्य सामने आए जिनके अपहरण की शिकायत कांग्रेस ने दर्ज कराई थी।

वीडियो में क्या कहा सदस्यों ने?

पाँचों सदस्यों ने वीडियो संदेश में कहा, “हमारा कोई अपहरण नहीं हुआ है। मीडिया के जरिए हमें यह सुनने को मिला कि हमारा अपहरण कर लिया गया है, यह पूरी तरह गलत है। हम इसकी निंदा करते हैं। हम सब अपनी मर्जी से घूमने गए हुए हैं और जल्द ही जनता के सामने आएंगे।”

कांग्रेस मौन, भाजपा को मिला राहत का संकेत

  • वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
  • कांग्रेस की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
  • भाजपा समर्थक इसे कांग्रेस की “झूठी राजनीति” बता रहे हैं।

न्यायालय में अगली सुनवाई महत्वपूर्ण

कांग्रेस ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को रद्द करने की मांग की थी और अपने समर्थक सदस्यों के अपहरण का आरोप भाजपा पर लगाया था। अब जब ये सदस्य खुद सामने आ गए हैं, ऐसे में न्यायालय में सुनवाई का रुख बदल सकता है।