बड़ी खबर: चुनाव में विवाद। कांग्रेस ने भाजपा और पुलिस पर लगाया अपहरण और हमले का आरोप

चुनाव में विवाद। कांग्रेस ने भाजपा और पुलिस पर लगाया अपहरण और हमले का आरोप

नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के बीच आज राजनीतिक तनाव चरम पर पहुँच गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि, उनके चार समर्थक जिला पंचायत सदस्य भाजपा और पुलिस के सहयोग से अपहरण के शिकार हुए।

कांग्रेस कैंडिडेट पुष्पा नेगी ने कहा कि 30-40 लोगों के एक समूह ने उनके समर्थकों के साथ मारपीट की और उन्हें निजी वाहन में जबरन उठाकर ले जाया गया। उन्होंने इस गंभीर घटना की शिकायत लेकर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और चुनाव को स्थगित करने की प्रार्थना की।

पुष्पा नेगी ने दावा किया कि झड़प में उनके पति पर भी हमला हुआ और कई कांग्रेस सदस्यों के कपड़े फाड़ दिए गए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा किसी भी तरह से चुनाव को प्रभावित करना चाहती है।

इस बीच चुनाव की मतदान प्रक्रिया जारी है। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन ने मीडिया को मतदान स्थल से दूर रखा है। भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन ने मतदाताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है।