Health Tips: पेट कम करने के 5 घरेलू उपाय। पढ़ें….

पेट कम करने के 5 घरेलू उपाय

रिपोर्ट- नीतू बिष्ट

Belly Fat Reducing Tips: आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में अनियमित खानपान, तनाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण मोटापा और विशेष रूप से पेट की चर्बी एक आम समस्या बन चुकी है।

बढ़ा हुआ पेट न केवल शरीर की सुंदरता को कम करता है, बल्कि यह मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी कई गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ाता है। हालांकि कुछ आसान घरेलू उपायों को अपनाकर बिना किसी साइड इफेक्ट के पेट की चर्बी को नियंत्रित किया जा सकता है।

पहला उपाय– गुनगुना पानी और नींबू। रोज़ सुबह खाली पेट एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़कर पीने से शरीर का मेटाबॉलिज्म तेज़ होता है और फैट बर्निंग प्रोसेस शुरू हो जाती है। इसमें चाहें तो थोड़ा शहद भी मिला सकते हैं। यह नुस्खा डिटॉक्स ड्रिंक की तरह काम करता है और पेट की चर्बी को घटाने में कारगर माना जाता है।

दूसरा उपाय– सौंफ और जीरे का पानी। रात को एक गिलास पानी में 1 चम्मच सौंफ और 1 चम्मच जीरा भिगो दें। सुबह इस पानी को उबालें और छानकर खाली पेट पिएं। यह मिश्रण न केवल पेट की चर्बी को घटाता है बल्कि पाचन क्रिया को भी बेहतर बनाता है।

तीसरे उपाय– अदरक और शहद। अदरक शरीर में गर्मी उत्पन्न करता है और चर्बी को गलाने में सहायक होता है, वहीं शहद फैट को नैचुरली पिघलाने का काम करता है। एक कप गुनगुने पानी में अदरक का रस और एक चम्मच शहद मिलाकर रोज सुबह पीने से अच्छे परिणाम मिलते हैं।

चौथा उपाय– त्रिफला चूर्ण का सेवन। आयुर्वेद में त्रिफला को पेट की समस्याओं के लिए रामबाण माना गया है। रात को सोने से पहले एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच त्रिफला चूर्ण मिलाकर पीने से न केवल पाचन सही रहता है बल्कि यह शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में भी मदद करता है, जिससे पेट की चर्बी घटती है।

पाँचवां उपाय– फाइबर युक्त भोजन और हल्की कसरत। घरेलू उपाय तभी कारगर होंगे जब आप उन्हें संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधियों के साथ अपनाएं। दिन में कम से कम 30 मिनट की वॉक या योगासन जैसे – पवनमुक्तासन, भुजंगासन और कपालभाति करने से पेट की चर्बी जल्दी घटती है।

इन सभी उपायों को नियमित रूप से अपनाने से पेट की चर्बी को बिना दवा के धीरे-धीरे और सुरक्षित तरीके से कम किया जा सकता है। हालांकि किसी भी घरेलू नुस्खे को शुरू करने से पहले एक बार विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर होता है।