आज इन 11 जिलों में होगी जमकर बारिश। ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
Weather Update: उत्तराखंड में आज भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने प्रदेश के 11 जिलों में बारिश, ओलावृष्टि, झोंकेदार हवाओं को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि आज 8 मई वृहस्पतिवार को उत्तराखंड राज्य के उधम सिंह नगर और हरिद्वार जिले में मौसम शुष्क रहेगा।
जबकि पिथौरागढ़ , बागेश्वर, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में कहीं-कहीं गरज- चमक के साथ वर्षा के तीव्र दौर और ओलावृष्टि की संभावना है।
इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के भी आसार हैं। इन सभी जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और देहरादून जिले में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
इन जिलों में झोंकेदार हवाओं और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि, फिलहाल प्रदेश में 11 मई तक पश्चिमी विक्षोंभ की एक्टिविटी देखने को मिल सकती है।
तापमान की स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज वृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.9 सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंतनगर का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।