शर्मनाक: केदारनाथ बेस कैंप में महिला नेता से दुष्कर्म का प्रयास। मुकदमा दर्ज

केदारनाथ बेस कैंप में महिला नेता से दुष्कर्म का प्रयास। मुकदमा दर्ज

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से शर्मनाक खबर सामने आई है। यहां केदारनाथ बेस कैंप में महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास का आरोप लगा है।

पीड़ित महिला बीजेपी की नेता बताई जा रही है, महिला की केदारनाथ में दुकान हैं और वहीं पर बेस कैंप में टेंट में रहती है।

आरोप है कि इसी दौरान रात को पीड़िता के गांव के ही व्यक्ति ने महिला के टैंट में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने जब इसका विरोध किया और वो चिल्लाई तो आरोपी टेंट से भाग निकला।

पीड़ित महिला ने 18 अक्टूबर को सोनप्रयाग थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। ये मामला 13 अक्टूबर की रात का है।

महिला का आरोप है कि आरोपी उस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का दवाब बना रहा था, लेकिन महिला नहीं मानी और उसने सोनप्रयाग थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

पीड़ित महिला ने पुलिस को जो शिकायत दी है, उसके अनुसार 13 अक्टूबर को राकेश चन्द्र शुक्ला निवाली नागजगई बसुकेदार ने उसे फोन किया था और कहा था कि वो अपने कमरे (टेंट) का दरवाजा खुला रखे, लेकिन पीड़िता अपना फोन बंद करके सो गई।

इसी बीच रात को आरोपी उसके टेंट में घुसा और पीड़िता के साथ छीना झपटी करने लगा। महिला ने अपनी शिकायत में आरोपी पर जबरदस्ती करने का भी आरोप लगाया है।

महिला का कहना है कि अपनी जान बचाने के लिए जब वो चिल्लाई तो आरोपी वहां से भाग निकला। पीड़िता ने भविष्य में भी खुद और अपने परिवार को आरोपी से खतरा होने की बात कही है।

वहीं सोनप्रयाग थाना पुलिस ने भी पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सोनप्रयाग थाना प्रभारी देवेन्द्र असवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333 और 74 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी