शर्मनाक: सहेली के घर से लौट रही नाबालिग संग दुष्कर्म। पॉक्सो में मुकदमा दर्ज

सहेली के घर से लौट रही नाबालिग संग दुष्कर्म। पॉक्सो में मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद अंतर्गत हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हल्द्वानी में अपनी सहेली के घर से लौट रही नाबालिग से उसके परिचित युवक ने दुष्कर्म किया और फिर सहेली के घर छोड़ दिया। आठ दिन बाद नाबालिग ने अपनी दीदी को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिजन पीड़िता के साथ कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ दिन पूर्व उसकी बहन देवलचौड़ क्षेत्र में रहने वाली अपनी दोस्त के घर गई थी। वह वहां से लौट रही थी तो रास्ते में सूरज नाम का युवक मिला, जिसे पीड़िता पहले से जानती थी।

आरोप है कि सूरज उसे झूठ बोलकर अपने घर ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। उसे जान की धमकी दी और यह बात किसी को न कहने की बात कही। जिसके बाद वह पीड़िता को टेंपो से उसकी सहेली के घर छोड़ आया। जहां से पीड़िता अपने घर पहुंची, लेकिन डर की वजह से यह बात किसी को नहीं बताई।

आठ दिन बाद पीड़िता ने यह बात अपनी दीदी को बताई। इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर कोतवाली पहुंचे। इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी नितिन लोहानी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।