गुड न्यूज: महिला ने चार बच्चों को एक साथ दिया जन्म। जच्चा-बच्चा स्वस्थ

महिला ने चार बच्चों को एक साथ दिया जन्म। जच्चा-बच्चा स्वस्थ
जोधपुर के एक अस्पताल में हैरान कर देने वाला मामला सामना आया है। यहां उम्मेद अस्पताल में प्रसूता ने सोमवार दोपहर चार बच्चों को एक साथ जन्म दिया। बताया जा रहा है कि, महिला और उसके चारों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
चारों बच्चे ऑपरेशन से हुए हैं और उन्हें NICU में रखा गया है। महिला की यह तीसरी डिलीवरी है। इसके पहले दो डिलीवरी में उसके बच्चों की मौत हो गई थी।

 

उम्मेद हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. अफजल हकीम ने बताया कि, जैसलमेर की रहने वाली तुलछा पत्नी चंद्रसिंह ने बच्चों को जन्म दिया है। उन्होंने बताया कि इसमें से दो लड़के हैं और दो लड़कियां हैं। उनका इलाज और डिलीवरी डॉक्टर इंदिरा भाटी की देख-रेख में हुई है।

डॉक्टर का कहना है कि, उनकी पहली दो डिलीवरी में बच्चों की मौत हो गई थी। इस कारण उनके परिजन इस बार उन्हें इलाज के लिए जोधपुर उम्मेद अस्पताल लेकर आए थे।

महिला के सोनोग्राफी से चार बच्चों के होने का पता चला। इस पर टीम ने इसे चैलेंज के तौर पर लिया और प्रसूता की स्वस्थ और सफल डिलीवरी के लिए प्रयास किया।

डॉक्टरों ने सावधानी बरतते हुए प्रसूता को फरवरी महीने में ही हॉस्पिटल में भर्ती कर लिया था। हर दिन प्रसूता की रिपोर्ट डॉक्टर जांच कर रहे थे। अब डिलीवरी सफल रही और जच्चा-बच्चा स्वस्थ है। बच्चों को फिलहाल NICU में रखा गया है।