बड़ी खबर: हरिद्वार में सरकारी संपत्तियों पर हुए अवैध धार्मिक निर्माण पर चला प्रशासन का JCB

हरिद्वार में सरकारी संपत्तियों पर हुए अवैध धार्मिक निर्माण पर चला प्रशासन का JCB

रिपोर्ट- वंदना गुप्ता

हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सरकारी संपत्तियों पर अवैध धार्मिक निर्माण पर सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। हरिद्वार जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बड़े स्तर पर अभियान चलाए हुए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा आज सरकारी संपत्ति पर अवैध तरीके से आर्य नगर चौक के पास बनाई गई मजार और सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे बनाए गए मंदिर को हटाने की कार्रवाई की गई। लोगों के विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।

एसडीएम पूरन सिंह राणा का कहना है कि, माननीय सुप्रीम कोर्ट और उच्च न्यायालय द्वारा आदेश दिए गए हैं कि, लोगों के आने-जाने वाले रास्ते पर जो भी अवैध निर्माण है उसे तुरंत हटाया जाए। हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा इस पर कार्रवाई की जा रही है।

तीन दिन पूर्व गंगा किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाया गया। आज आर्य नगर चौक के पास जिस मजार को हटाया गया है, वह सड़क पर बनी हुई थी।

नगर निगम द्वारा पूर्व में नोटिस दिया गया था, सभी पक्षों से वार्ता करने के बाद आज मजार को हटाने की कार्रवाई की गई। कुछ लोगों द्वारा मजार को हटाने का विरोध किया जा रहा था, मगर जिला प्रशासन किसी के भी विरोध से कार्रवाई को नहीं रोकेगा।

एसपी सिटी हरिद्वार स्वतंत्र कुमार का कहना है कि, सरकारी संपत्ति पर अवैध निर्माण को लेकर एक कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी द्वारा जिस भी अतिक्रमण को लेकर रिपोर्ट दे रही है, उस पर कार्रवाई की जा रही है।

आज की कार्रवाई को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गई। सरकारी संपत्ति से अवैध अतिक्रमण को हटाने में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं हुई।