अलर्ट: यहां चिलमिलाती गर्मी से जल्द मिलेगी राहत। इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

यहां चिलमिलाती गर्मी से जल्द मिलेगी राहत। इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश में चिलमिलाती गर्मी से प्रदेशवासियों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में 13 अप्रैल के बाद बारिश की संभावना जताई जा रही है।

ऐसे में लोगों को तपती गर्मी से राहत जरूर मिलेगी। मौसम विभाग का मानना है कि, पश्चिमी विक्षोभ की आहट राहत दे सकती है। हालांकि, अभी मौसम विभाग ने 13 अप्रैल तक तापमान में वृद्धि की संभावना जाहिर की है।

मौसम विभाग ने अगले चार दिन बारिश और औलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। 13 और 14 अप्रैल को देहरादून टिहरी सहित आठ जिलों में बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है तो, वहीं इस दौरान भयंकर तूफान का अलर्ट भी जारी किया है।

मौसम विभाग ने इस दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। प्रदेश के पर्वतीय जिलों के लिए विशेषकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 12 अप्रैल की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। जहां राज्य में 12 अप्रैल तक भीषण गर्मी के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया था। अब 13 और 14 अप्रैल के लिए बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी जताई गई है। ओलावृष्टि से खुले में रहने वाले मवेशी चोटिल हो सकते हैं। उन्होंने काश्तकारों को खेत में रखी कटी फसल सुरक्षित स्थानों में रख लेने को कहा है।

गौरतलब है कि, मौसम विभाग ने एक ओर जहां पूरे उत्तराखंड में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया हुआ है, तो वहीं जोशीमठ क्षेत्र में हुई बारिश से लोगों को राहत जरूर मिली है।

फरवरी माह में हुई बारिश के बाद पहाड़ों में अच्छी बारिश नहीं हुई थी, लेकिन शनिवार को एक बार फिर से मौसम बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई। यह मूसलाधार बारिश स्थानीय लोगों के लिए किसी सौगात से कम नहीं थी। बारिश होने से सबसे ज्यादा फायदा किसानों को मिला है।

प्रदेश के मैदानी इलाकों की बात करें तो राजधानी देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के करीब है।

देहरादून का अधिकतम तापमान 37°C, हरिद्वार का अधिकतम तापमान 38°C और उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 38°C है, जो सामान्य से 6 से 7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।