भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में थराली पहुंचे मुख्यमंत्री। डोर टू डोर प्रचार कर मांगे वोट

भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में थराली पहुंचे मुख्यमंत्री। डोर टू डोर प्रचार कर मांगे वोट

रिपोर्ट- गिरीश चंदोला
थराली। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है। चुनाव के लिए राजनीतिक दलों का प्रचार-प्रसार अब जोर पकड़ने लगा है। वहीं थराली से भाजपा प्रत्याशी भूपाल राम टम्टा के समर्थन में थराली पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुलसारी और थराली बाजार में डोर टू डोर प्रचार कर भाजपा प्रत्याशी भूपाल राम टम्टा के लिए वोट मांगे।

कुलसारी काली मंदिर में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने पूजा अर्चना करने के बाद कुलसारी बाजार में पग यात्रा की और भाजपा प्रत्याशी भूपाल राम टम्टा को जिताने की अपील भी की।

वहीं इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीएम धामी ने थराली बाजार में भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे और फिर थराली के रामलीला मैदान में जनसभा को भी सम्बोधित किया।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में उत्तराखंड में विकास के कई कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा राम मंदिर निर्माण हो या फिर धारा 370 का मसला इसे केवल बीजेपी सरकार ही सुलझा पायी।

वहीं उन्होंने कहा कि, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के साथ ही आल वेदर रोड का निर्माण कार्य बीजेपी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि रही है और उत्तराखंड की जनता फिर एक बार उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार बनाने जा रही है।

जनसभा को सम्बोधित करते हुए सीएम धामी ने कांग्रेस पर सवाल दागते हुए कहा कि, कांग्रेस रोजगार की बात कह रही है, महंगाई की बात कर रही है, लेकिन जनता ने जब कांग्रेस को मौका दिया था तब कांग्रेस ने महंगाई कम नहीं की।

उन्होंने कांग्रेस से पूछते हुए कहा कि, जिन राज्यो से कांग्रेस की सरकार है, कांग्रेस वहां रोजगार की स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने कांग्रेस की पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, कांग्रेस ने केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया और भ्रष्टाचार के नाम पर आंखे बंद करने की बात कही।

सीएम पुष्कर धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी भूपाल राम टम्टा को विजयी बनाने की अपील की। वहीं मीडिया से बातचीत में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस मुद्दाविहीन है और कांग्रेस में आपस मे ही लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि, कांग्रेस को दूर-दूर तक कुर्सी दिखाई नहीं दे रही है। इस अवसर पर विधायक मुन्नी देवी शाह, जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, ब्लॉक प्रमुख कविता देवी, गंगा सिंह, गिरीश चमोला, रिपुदमन सिंह, नरेंद्र भारती, हिमानी वैष्णव, युवामोर्चा जिलाध्यक्ष, देवा नेगी, भाष्कर पांडे लोग मौजूद थे।