दुःखद: भाजपा के वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर का निधन

भाजपा के वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर का निधन

देहरादून। कैंट विधानसभा से भाजपा के वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर का निधन हो गया। हरबंस कपूर उत्तराखंड में भाजपा के सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक थे, वह उत्तराखंड के साथ-साथ यूपी विधानसभा के भी विधायक रहे हैं। साथ ही उत्तराखंड विधानसभा के विधानसभा अध्यक्ष भी रहे हैं। ऐसे में उनके निधन से उत्तराखंड को बहुत ही बड़ा झटका लगा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी फेसबुक पर पोस्ट कर शोक व्यक्त क़िया। सीएम ने लिखा कि, आज प्रातः विधानसभा में मेरे वरिष्ठ सहयोगी एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आदरणीय श्री हरबंस कपूर जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। मृदुभाषी श्री कपूर ने हमेशा सादगी के साथ जीवन जिया।

राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए वह अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। लगातार 8 बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है।

मैं ईश्वर से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ।

वहीं हरबंस कपूर के निधन पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अग्रवाल ने कहा कि, सभी के मार्गदर्शक रहे हरबंस कपूर जी का निधन एक युग का अंत है। इस अपूरणीय क्षति को भर पाना मुमकिन नहीं है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि, आज हमने राजनीति एवं समाज की सेवा में अग्रणी रहने वाले एक धरोहर को खो दिया है। उनकी गणना हमेशा सक्रिय रहने वाले विधायकों में थी। वह वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।

अग्रवाल ने कहा कि, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में विधायक रहे कपूर साहब ने विभिन्न पदों पर रहकर अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं कर्तव्य निष्ठा से निर्वहन किया। वह पक्ष एवं विपक्ष दोनों के लिए ही एक प्रिय नेता थे। संसदीय प्रक्रिया के गहन जानकार और हमेशा लोक महत्व के अविलंबनीय मुद्दों को सदन में उठाने वाले एक सजग प्रहरी का निधन उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।

अग्रवाल ने कहा कि, विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने हमेशा संसदीय परंपराओं का निर्वहन किया, उनकी बेदाग छवि, हंसमुख मुस्कान एव समाज के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हमारे लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत का कार्य करेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवारजनों को इस दु:ख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।

बता दें कि, उनका पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे इन्दिरा नगर उनके आवास से प्रदेश भाजपा कार्यालय बलबीर रोड अंतिम दर्शन हेतु 02:30 से 3 बजे के तत्पश्चात 3 बजे लक्खीबाग शमशान घाट अंतिम संस्कार हेतु प्रस्थान रहेगा।