शर्मसार: राजधानी में दो नाबालिग बच्चियों संग दुष्कर्म। एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

राजधानी में दो नाबालिग बच्चियों संग दुष्कर्म। एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

देहरादून। मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली 16 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार नौवीं में पढ़ने वाली छात्रा को रास्ते में पहले से परिचित एक युवक मिला, जो झांसा देकर उसे अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को जाखन से पकड़कर इसकी जांच शुरू कर दी है।

राजपुर थानाध्यक्ष मोहन सिंह के अनुसार शुक्रवार को एक महिला ने तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि, उनके स्कूल में 16 वर्षीय एक छात्रा नौवीं में पढ़ाई करती है। वह लॉकडाउन के बाद हॉस्टल खुलने पर इसी महीने 21 तारीख को घर से हॉस्टल आई।

उसने बीते शुक्रवार को हॉस्टल वार्डन को बताया कि, 16 सितंबर को उसकी मां ने किसी बात पर डांट दिया था, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गई।

रास्ते में छात्रा को पहले से परिचित प्रमोद सिंह नाम का लड़का मिला, जो उसे बहला फुसलाकर कैनाल रोड स्थित कमरे में ले गया। आरोप है कि प्रमोद ने छात्रा से दुष्कर्म किया।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके शनिवार को आरोपी प्रमोद कुमार (25) पुत्र चंदर सिंह निवासी सवाड़ देवाल चमोली हाल-वासु स्टेट कॉलोनी जाखन को गिरफ्तार कर लिया।

4 वर्षीय बच्ची को बनाया हवस का शिकार

रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक कलयुगी बाप ने अपनी 4 वर्षीय बच्ची को हवस का शिकार बना लिया। बच्ची की मां ने घटना की सूचना थाना मुनिकीरेती अन्तर्गत पुलिस चौकी को दी। वहीं बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है और आरोपी मौके से फरार है।

घटना की पुष्टि करते हुए थाना मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन जोशी ने बताया कि, क्षेत्र की एक महिला ने आज रविवार की सुबह एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमे बताया गया कि, उसके पति ने उसकी चार वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के वक्त वह घर के आंगन में कपड़े धो रही थी। उसे कमरे के भीतर से बच्ची की आवाज आई, कमरे में पहुंचकर देखा तो आरोपी बच्ची के साथ गलत हरकत करता नजर आया। बात खुलने के बाद वह वहां से फरार हो गया।

शिकायत मिलने पर पहुंची पुलिस मौके पर जांच कर रही है। फरार आरोपित के संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। बालिका को उसकी मां के साथ अस्पताल लाया गया है।

चिकित्सकों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हो रही है। बच्ची का अभी मेडिकल कराया जाना बाकी है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक घटना की अभी लिखित तहरीर नहीं मिली है।