सरकार ने खनन माफियाओं के हाथों गिरवी रखा प्रदेश। मोर्चा ने दिया अल्टीमेटम

सरकार ने खनन माफियाओं के हाथों गिरवी रखा प्रदेश। मोर्चा ने दिया अल्टीमेटम

प्रदेश की जनता सोने के भाव रेत-बजरी खरीदने को मजबूर
– खनन न खुलने की वजह से विकास कार्य हो रहे प्रभावित
– प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बाहर से आ रहा है उप खनिज

विकासनगर। बरसात सीजन समाप्त होने के कई दिन बाद भी 2-4 पट्टों को छोड़कर सरकार द्वारा खनन नहीं खोला गया, जिसकी वजह से प्रदेश को बड़ी मात्रा में राजस्व नुकसान के साथ-साथ जनता को भी लूटने का काम किया जा रहा है। आज खनिज न मिलने की वजह से प्रदेश की जनता सोने के दाम पर रेत-बजरी खरीदने को मजबूर है। विकास कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है।

जनसंघर्ष मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि अब तक खनन न खोलने के पीछे सबसे बड़ी वजह अन्य प्रदेशों के माफियाओं के हाथों की कठपुतली बनकर उनको फायदा पहुंचा कर सरकार के मुखिया अपना हित साध रहे हैं। हरियाणा, हिमाचल, उत्तर प्रदेश के खनन माफिया इस प्रदेश को अपने मनमाफिक चला रहे हैं, यानी प्रदेश को इनके हाथों गिरवी रख दिया है। नेगी ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही खनन न खोला गया तो मोर्चा आंदोलन करेगा।