नगर निगम क्षेत्र में घटिया निर्माण कार्यों को बर्दाश्त नहीं करेंगी महापौर हेमलता

नगर निगम क्षेत्र में घटिया निर्माण कार्यों को बर्दाश्त नहीं करेंगी महापौर हेमलता

– नगर आयुक्त को दिए कई निर्देश

रिपोर्ट- मनोज नौडियाल
कोटद्वार। नगर निगम की महापौर हेमलता नेगी ने नगर निगम कर्मचारियों की बैठक ली। जिसमें उन्होने कर्मचारियों को समय से वेतन दिये जाने, सफाई कर्मियों की वेतन वृद्धि व सभी चालीस वार्डों में सफाई व्यवस्था लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिये। इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत बनाये गये कुछ कूड़ाघरों के घटिया निर्माण को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मेयर ने कहा कि, नगर निगम में हो रहे घटिया निर्माण कार्यों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मंगलवार को नगर निगम के सभागार में आयोजित बैठक में मेयर हेमलता नेगी ने नगर आयुक्त से कर्मचारियों को समय से वेतन दिये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सफाई कर्मचारियों की वेतन वृद्धि को लेकर भी शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश दिए।

महापौर ने यह भी कहा कि, निगम कर्मचारियों को समय से वेतन नहीं मिल रहा है। जिससे कर्मचारियों को आर्थिक दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में सफाई कर्मचारियों को बहुत कम वेतन दिया जा रहा है। जिससे उनको अपने परिवार का भरण-पोषण करने में दिक्कतें आ रही है। वहीं उन्होने नगर निगम क्षेत्र में बनाये गये कुछ कूड़ाघरों के घटिया निर्माण को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि, नगर निगम में हो रहे घटिया निर्माण कार्यों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मेयर ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।

साथ ही विभिन्न वार्डों से नियमित सफाई को लेकर शिकायतें आ रही है, जो कि ठीक नहीं है। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि, सफाई निरीक्षक सभी वार्डों की प्रत्येक दिन की सफाई की रिपोर्ट नगर निगम कार्यालय में उपलब्ध करवायेंगे। ताकि स्थिति का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने प्रत्येक वार्ड में काम के हिसाब से कार्मिकों की ड्यूटी लगाये जाने के भी निर्देश दिये। इस मौके पर नगर आयुक्त पीएल शाह, सहायक नगर आयुक्त अंकिता जोशी, सफाई निरीक्षक सुनील चौधरी, सोवेन्द्र चौधरी, सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।