पं० दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद कर किये पुष्प अर्पित

पं० दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद कर किये पुष्प अर्पित

रिपोर्ट- वंदना गुप्ता
हरिद्वार। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद कर पुष्प अर्पित किए। आपको बता दे कि, 25 सितंबर 1916 को उत्तर प्रदेश के मथुरा में जन्मे पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चिन्तक और संगठनकर्ता थे। वे भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने भारत की सनातन विचारधारा को युगानुकूल रूप में प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्म मानववाद नामक विचारधारा दी। वे एक समावेशित विचारधारा के समर्थक थे जो एक मजबूत और सशक्त भारत चाहते थे।

दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनको पुष्प अर्पित कर उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का प्रण लिया। इस दौरान ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि, दीनदयाल उपाध्याय राजनेता मात्र नहीं थे। वह उच्च कोटि के चिंतक, विचारक और लेखक भी थे। इस रूप में उन्होंने श्रेष्ठ शक्तिशाली और संतुलित रूप में विकसित राष्ट्र की कल्पना की थी। उन्होंने निजी हित व सुख सुविधाओं का त्याग कर दिया था। व्यक्तिगत जीवन में उनकी कोई महत्वाकांक्षा भी नहीं थी। उन्होंने अपना जीवन समाज और राष्ट्र को समर्पित कर दिया था। आज उनकी जयंती पर शुभकामनाएं देते हैं और निरंतर उनके दिखाए मार्ग पर हम आगे चलते रहेंगे।

वहीं देहरादून के पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में मुख्यमंत्री त्रिवेद्र सिंह रावत व भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। साथ ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को सुना। इसके उपरांत एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता, त्याग व तपस्या की प्रतिमूर्ति, प्रखर राष्ट्रवादी एवं हम सभी के मार्गदर्शक पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर उन्हें माल्यार्पण कर कोटि-कोटि नमन किया। तत्पश्चात वृक्षारोपण भी किया।

कार्यक्रम में सम्मिलित प्रदेश अध्यक्ष, बंशीधर भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, राजपुर रोड विधानसभा के विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट, प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, रविंद्र कटारिया, कैंट विधानसभा से विधायक हरबंस कपूर, आचार्य शिव प्रकाश ममगाईं आदि सभी वरिष्ठ एव कनिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।