बड़ी खबर: बढ़ता कोरोना-थमती धड़कनें। प्रदेश में आज 158 नए संक्रमित। कुल संख्या 907

बढ़ता कोरोना-थमती धड़कनें। प्रदेश में आज 158 नए संक्रमित। कुल संख्या 907

 

देहरादून। आज उत्तराखंड में कोरोना के कुल पॉजीटिव मामले 158 सामने आए है। बड़ी बात यह रही कि, देहरादून में आज 48 लोगों की पॉजीटिव रिपोर्ट आई है। इसके अलावा देहरादून में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उनके पुत्र व बहू समेत उनके स्टाफ और संपर्क में आने वाले 22 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। शाम को जारी हैल्थ बुलेटिन के अनुसार कुल 105 नए मरीज सामने आए हैं। जहां आज नैनीताल जनपद में 31 लोगों की रिपोर्ट सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में पॉजीटिव आई है। वहीं देहरादून में काबीना मंत्री और उनके परिजनों व सहयोगियों के पॉजीटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मच गई है। इससे पहले दोपहर दो बजे जारी हैल्थ बुलेटिन में 53 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी।

इन जिलों में पाए गए कोरोना संक्रमित

● नैनीताल जनपद में आज 31 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● देहरादून में 48 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● हरिद्वार में 17 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● टिहरी में 3 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● पौड़ी गढ़वाल में 6 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● उत्तरकाशी में 7 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● रुद्रप्रयाग में एक व्यक्ति में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● चमोली में 2 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● ऊधमसिंहनगर में 20 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● अल्मोड़ा में 18 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● चंपावत में 4 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
● इसके अलावा एक व्यक्ति की रिपोर्ट प्राइवेट लैब में पॉजीटिव आई है।इस प्रकार अब उत्तराखंड में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 907 पहुंच गई है। हालांकि अब तक 102 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके है। अब प्रदेश में 797 एक्टिव मामले विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। इसके अलावा 06 लोगों की विभिन्न बीमारियों के चलते प्रदेश में मौत हो चुकी है। अब तक कुल 22,546 सेंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। इसके अलावा अभी भी लगभग 06 हजार से ज्यादा सेंपल की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आज भी 1,588 सेंपल जांच के लिए भेजे गए।

बताते चलें कि गत दिवस कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की पत्नी पूर्व मंत्री अमृता रावत की रिपोर्ट भी देहरादून की प्राइवेट लैब में पॉजीटिव आई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की हलचल बढ़ गई थी। उन्हें आज एम्स ऋषिकेश के कोरोना वार्ड में भर्ती करा दिया गया है और मंत्री सतपाल महाराज समेत उनके संपर्क में आए 42 लोगों को देहरादून के सुद्धोवाला केंद्र में क्वारंटीन किया गया।

ऋषिकेश एम्स में एक कोरोना मरीज की मौत

एक युवक की एम्स में आज मौत हो गई। उसे 27 मई को एम्स के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। उसकी रिपोर्ट 29 मई को पॉजीटिव आई। लेकिन आज सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों को सूचना भेज दी गई है। इससे पहले भी प्रदेश में पांच संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में दर्शाया गया है कि, इन सभी मरीजों की मौत विभिन्न बीमारियों के चलते हुई थी। उक्त युवक ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र का रहने वाला था। वह कुछ समय पूर्व बिजली करंट की चपेट में आ गया था। उसका एम्स में ही उपचार चल रहा था।

हालांकि एम्स में कोविड-19 के नोडल अधिकारी ने बताया कि, उक्त युवक की मई प्रथम सप्ताह में उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी गई थी। बहरहाल अब यह तो स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि, उक्त युवक की मौत किन कारणों से हुई। इस दु:खद घटना की सूचना प्राप्त होने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।