क्वारंटाइन सेंटर में महिला की संदिग्ध मौत

क्वारंटाइन सेंटर में महिला की संदिग्ध मौत

रिपोर्ट- मनोज नौडियाल
कोटद्वार। रिखणीखाल ब्लाक में क्वारंटाइन की गई बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। महिला की मौत की खबर मिलने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। इसे लेकर डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंच गई है। मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद सरकार ने क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा और सतर्कता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
पौड़ी प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार गत दिवस एक 75 साल की बुजुर्ग महिला अपनी बहू के साथ दिल्ली के बुराड़ी से यहां पहुंची थी।

बुजुर्ग महिला को बहू समेत गांव में स्थित जूनियर हाईस्कूल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। महिला की हालत गत दिवस शनिवार तक तो ठीक थी, लेकिन अचानक रात को तबियत खराब हो गई, उल्टियां करने लगी जिसके बाद देखते ही देखते महिला को खून की उल्टियां होने लगी। थोड़ी देर बाद मौके पर ही महिला की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

सूचना पर प्रशासन ने डॉक्टरों की टीम मौके पर भेजी। हालांकि अभी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया। डॉक्टर महिला के पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहने की बात कह रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने प्रकरण की जांच बिठा दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आऐगी। इस घटना की जानकारी के बाद न केवल पौड़ी बल्कि राज्य के क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे बुजुर्ग लोगों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। हालांकि प्रशासन ने सभी को धैर्य बनाये रखने को कहा। इस दौरान क्वारंटाइन सेंटर में निवास कर रहे लोगों से सहयोग की अपेक्षा की गई।