Exclusive: तबलीगी जमात से जुड़े 27 लोगों में से 26 की कोरोना रिपोर्ट नि‍गेटिव

तबलीगी जमात से जुड़े 27 लोगों में से 26 की कोरोना रिपोर्ट नि‍गेटिव

 

लखनऊ। देश भर में कोरोना के बढ़ते खौफ के बीच राजधानी लखनऊ से राहत भरी खबर आ रही है। राजधानी में तबलीगी जमात से जुड़े सभी 27 लोगों में से 26 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। ये सभी लोकबन्धु अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 24 विदेशी अमीनाबाद, काकोरी, औऱ आईआईएम रोड स्थित मस्जिद में रुके थे।

बता दें कि, लखनऊ में अब तक 10 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। कनाडा से गोमती नगर लौटी महिला डॉक्टर को लखनऊ में सबसे पहले कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उन्हें 11 मार्च को केजीएमयू में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी तबीयत ठीक हो गई। जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। करीब 20 दिन बाद महिला डॉक्टर की बुजुर्ग सास को कोरोना वायरस ने जकड़ लिया। उन्हें बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 48 घंटे के भीतर उनके पति में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

इसी कड़ी में अधिकारियों ने बताया कि, उनके बेटे की भी जांच कराई जाएगी। लखनऊ में अब तक 10 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 6 लोगों का केजीएमयू में इलाज चल रहा है। लखीमपुर के एक मरीज का भी इलाज केजीएमयू में चल रहा है। इसके अलावा बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर का इलाज पीजीआई में चल रहा है।