लॉकडाउन: सुबह 7 से 10 तक ही मिली आवश्यक सेवाएं, प्रशासन सख्त

सुबह 7 से 10 तक ही मिली आवश्यक सेवाएं, प्रशासन सख्त

रिपोर्ट- मोहन गिरी, थराली
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन का आज तीसरा दिन है। पहले दिन लॉकडाउन के बावजूद बेवजह सड़को पर घूमते हुए लोगों की वजह से सरकार ने नियमो में और सख्ती करते हुए आवश्यक सेवाओ को सुबह केवल 7 बजे से 10 बजे तक ही सुचारू रखने के आदेश दिए थे, जिसके बाद आज सुबह से 7 बजे ही बैंकिंग जैसी सुविधाओ के लिए तमाम बैंक खुल गए हैं।

बता दें कि, थराली में सुबह 7 बजे से ही स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक की शाखायें खुल गयी। हालांकि लोगो की आवाजाही आज ज्यादा नहीं रही। बहुत कम संख्या में इक्के-दुक्के लोग ही बैंकिंग सेवाओ के लिए बैंक में आते दिखे। वहीं बैंकों में आने वाले ग्राहकों के लिए बैंक प्रबंधन ने पुख्ता इंतजाम भी किये हैं। हर आने जाने वाले ग्राहकों को सेनेटाइज किया जा रहा है। जिसे प्रयोग करने के बाद ही बैंकिंग सेवाएं ग्राहकों को मुहैया कराई जा रही है।

स्टेट बैंक थराली के शाखा प्रबंधक अभिषेक कुमार ने बताया कि, एटीएम में भी सेनेटाइजर की उपलब्धता है और सुरक्षा कर्मी द्वारा एटीएम का प्रयोग करने वाले हर ग्राहक को उपयोग से पहले सेनेटाइजर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं ग्राहक सेवा केंद्रों के खुलने और बन्द होने का समय निर्धारण भी बैंकों की तर्ज पर किया गया है। थराली में ग्राहक सेवा केंद्र भी तय समयनुसार 7 से 10 तक खुले रहे।

वहीं पोस्ट ऑफिस थराली में सेवाएं सुबह 9 बजे से 5 बजे तक सुचारू रहेंगी। पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर प्रदीप आर्य ने बताया कि, उन्हें पोस्ट ऑफिस सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आवश्यक सेवाओ के तहत खोलने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि, यहां भी हर आने जाने वाले ग्राहकों को सेनेटाइजर से सेनेटाइज करने के बाद ही आवश्यक सेवाएं दी जा रही है।