भाजपा में टिकट के 36 दावेदार, कांग्रेस भी पीछे नहीं! टिकट कटने पर बगावत का खतरा
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों के भीतर टिकट की दौड़ शुरू हो चुकी है। खासकर सत्ताधारी भाजपा में कई विधानसभा सीटों पर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आने लगी है।
राजधानी देहरादून की पांच विधानसभा सीटों पर ही भाजपा के 36 नेता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। वहीं कुमाऊं की पांच प्रमुख सीटों पर भी 60 से अधिक दावेदार सामने आने की बात कही जा रही है।
ऐसे में भाजपा के सामने केवल जिताऊ प्रत्याशी चुनने की चुनौती नहीं है, बल्कि टिकट से वंचित नेताओं को मनाने और चुनाव के दौरान संभावित बगावत व भीतरघात रोकने की भी बड़ी परीक्षा होगी। दूसरी ओर कांग्रेस भी टिकट वितरण को लेकर अपनी रणनीति बनाने में जुटी है।
देहरादून की पांच सीटों पर 36 दावेदार
देहरादून महानगर की पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। उपलब्ध दावेदारी के आंकड़ों के मुताबिक कैंट विधानसभा सीट पर सबसे अधिक 13 नेता टिकट की दौड़ में हैं। रायपुर में आठ, राजपुर रोड में सात, मसूरी में पांच और धर्मपुर में तीन दावेदार सामने आए हैं।
सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा कैंट विधानसभा सीट पर दिखाई दे रही है। यहां मौजूदा विधायक सविता कपूर के अलावा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, जोगेंद्र पुंडीर, विनय गोयल, राजेश सेठी, अमित कपूर, आदित्य चौहान, कुंवर जपेंद्र सिंह, अर्चित डावर, अमिता सिंह, सचिन गुप्ता, सिद्धार्थ बंसल और मोहित शर्मा के नाम चर्चा में हैं।
यानी मौजूदा विधायक के सामने संगठन के पदाधिकारियों से लेकर पुराने और नए नेताओं तक की दावेदारी है।
मसूरी में गणेश जोशी के सामने कई दावेदार
मसूरी विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के अलावा पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा नेता रविंद्र जुगरान, सुनीता विद्यार्थी और पार्षद भूपेंद्र कठैत के नाम टिकट की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।
रायपुर में उमेश शर्मा काऊ के सामने आठ दावेदार
रायपुर विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक उमेश शर्मा काऊ के अलावा कुलदीप बुटोला, कमली भट्ट, सीताराम भट्ट, राजकुमार पुरोहित, राजेश शर्मा, विनोद उनियाल और रंजीत भंडारी भी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।
धर्मपुर और राजपुर रोड पर भी टिकट की जंग
धर्मपुर विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक विनोद चमोली के अलावा रतन सिंह चौहान और भूपेंद्र कंडारी के नाम सामने आए हैं। वहीं राजपुर रोड सीट पर कैबिनेट मंत्री एवं विधायक खजान दास के साथ रविंद्र कटारिया, कुलदीप स्वेडिया, बबीता सहोत्रा, स्वराज विद्वान, मंजू कटारिया और रविंद्र वाल्मीकि भी टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं।
इन आंकड़ों से साफ है कि भाजपा के भीतर कई सीटों पर टिकट को लेकर अभी से राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं।
भाजपा बोली- दावेदारों की संख्या संगठन की मजबूती का संकेत
टिकट के दावेदारों की बढ़ती संख्या को भाजपा चुनौती के बजाय संगठन की मजबूती का संकेत मान रही है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार का कहना है कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और कार्यकर्ताओं की निष्ठा के आधार पर चलने वाला संगठन है।
पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। ऐसे में विधानसभा सीटों पर अधिक दावेदारों का सामने आना स्वाभाविक है।
कुंदन परिहार के मुताबिक भाजपा में प्रत्याशी चयन की एक निर्धारित प्रक्रिया है। केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड ही प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगा और पार्टी का फैसला सभी के लिए सर्वमान्य होगा।
टिकट की दावेदारी करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठन के निर्णय का सम्मान करना होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी दावेदार पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को चुनाव जिताने के लिए काम करेंगे।
कांग्रेस बोली- जिताऊ और टिकाऊ चेहरे को मिलेगा टिकट
दूसरी ओर कांग्रेस भी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संगठन राजेंद्र भंडारी का कहना है कि पार्टी में कई विधानसभा सीटों पर आठ से दस तक दावेदार सामने आ रहे हैं, लेकिन टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस का स्पष्ट फॉर्मूला है।
उनके मुताबिक पार्टी ऐसे चेहरे को प्राथमिकता देगी, जो चुनाव जीतने की क्षमता रखने के साथ क्षेत्र में मजबूत और टिकाऊ जनाधार भी रखता हो।
टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन अंतिम टिकट किसी एक व्यक्ति को ही मिलना है। उन्होंने टिकट नहीं मिलने पर बगावत की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पित हैं।
राजेंद्र भंडारी का दावा है कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और टिकट फाइनल होने के बाद सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशी चयन में किसी व्यक्ति की पसंद या दबाव के बजाय जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी।
पुराने कार्यकर्ता बनाम दूसरे दलों से आए नेता, भाजपा के सामने चुनौती
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक कुलदीप राणा का मानना है कि टिकट वितरण के मामले में भाजपा के सामने कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा पेचीदा स्थिति बन सकती है।
उनके मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में कांग्रेस और अन्य दलों से कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। इनमें से कई नेता अपने राजनीतिक प्रभाव और क्षेत्र में जनाधार के आधार पर टिकट की उम्मीद लगाए बैठे हैं। दूसरी ओर लंबे समय से संगठन में काम कर रहे भाजपा नेताओं की भी अपनी दावेदारी है।
ऐसे में भाजपा को पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी और दूसरे दलों से आए नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाना होगा। यदि पार्टी इस संतुलन को साधने में नाकाम रहती है तो टिकट वितरण के बाद असंतोष और बगावत की स्थिति पैदा हो सकती है।
कांग्रेस के लिए नए चेहरों को आगे बढ़ाने का अवसर
कुलदीप राणा के अनुसार कांग्रेस के लिए परिस्थितियां कुछ अलग हैं। पिछले कुछ समय में पार्टी के कई पुराने चेहरे भाजपा में जा चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस के पास नए और युवा चेहरों को आगे बढ़ाने का अवसर है। हालांकि नए चेहरों को मौका देने के साथ उनकी चुनाव जीतने की क्षमता और क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ को भी ध्यान में रखना होगा।
उनका कहना है कि उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए 36 सीटों का आंकड़ा हासिल करना जरूरी है। ऐसे में किसी भी राजनीतिक दल के लिए प्रत्याशी चयन केवल दावेदारों की संख्या का सवाल नहीं, बल्कि हर सीट के स्थानीय समीकरण और जीत की संभावनाओं से जुड़ा होगा।
टिकट कटने के बाद शुरू होगी असली सियासी परीक्षा
2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए टिकट वितरण सबसे अहम राजनीतिक पड़ाव साबित हो सकता है। भाजपा में कई सीटों पर मौजूदा विधायक, मंत्री, संगठन के पदाधिकारी और दूसरे दलों से आए नेता एक ही टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में पार्टी के लिए अंतिम निर्णय लेना आसान नहीं होगा।
सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि क्या मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया जाएगा या फिर स्थानीय समीकरणों और संभावित एंटी इनकंबेंसी को देखते हुए नए चेहरों को मौका मिलेगा।
दरअसल, चुनाव में टिकट एक व्यक्ति को मिलता है, जबकि दावेदारी कई नेता करते हैं। ऐसे में टिकट नहीं मिलने पर कुछ नेता संगठन के फैसले को स्वीकार कर लेते हैं, तो कुछ बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने या भीतरघात करने का रास्ता अपना सकते हैं।
भाजपा अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती का दावा कर रही है, जबकि कांग्रेस एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने की बात कह रही है। लेकिन दोनों दलों की असली परीक्षा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद ही शुरू होगी।
अब देखना होगा कि 2027 की चुनावी जंग से पहले राजनीतिक दल अपने दावेदारों को कितना साध पाते हैं और टिकट की यह दौड़ किसके लिए सियासी ताकत तो किसके लिए नाराजगी का कारण बनती है।



