बिग ब्रेकिंग: हत्या के मामले में आठ महीने से जेल में बंद आरोपी को राहत, हाईकोर्ट ने रखीं सख्त शर्तें

हत्या के मामले में आठ महीने से जेल में बंद आरोपी को राहत, हाईकोर्ट ने रखीं सख्त शर्तें

नैनीताल। देहरादून के चर्चित सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी हत्याकांड में आरोपी मोहित अरोड़ा को उत्तराखंड हाईकोर्ट से राहत मिली है।

हाईकोर्ट ने उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए सशर्त जमानत मंजूर कर ली है। न्यायमूर्ति आलोक कुमार महरा की एकलपीठ ने आरोपी को निर्धारित शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

अदालत ने स्पष्ट किया है कि जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी मामले से जुड़े किसी भी व्यक्ति या गवाह को प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से धमकी नहीं देगा और न ही किसी तरह का प्रलोभन देकर उन्हें प्रभावित करने का प्रयास करेगा। इसके अलावा वह मामले से जुड़े साक्ष्यों के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करेगा।

हाईकोर्ट ने आरोपी को ट्रायल और जांच के दौरान अदालत एवं जांच अधिकारियों के समक्ष नियमित रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। वह न्यायालय की अनुमति के बिना देश छोड़कर नहीं जा सकेगा। साथ ही उसे अपना वर्तमान पता और मोबाइल नंबर जांच अधिकारी तथा न्यायालय को उपलब्ध कराना होगा।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि जमानत की किसी भी शर्त का उल्लंघन होने पर अभियोजन पक्ष आरोपी की जमानत निरस्त कराने के लिए स्वतंत्र होगा।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 30 मार्च 2026 को देहरादून के एक नाइट बार क्लब में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद अगले दिन सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर टकराव हो गया।

बताया गया कि दोनों पक्ष गाड़ियों में सवार होकर एक-दूसरे पर फायरिंग करने लगे। इसी दौरान राजपुर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी गोली की चपेट में आ गए। गोली लगने से उनकी मौत हो गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आदेश गिरी, समीर चौधरी तथा मोहित अरोड़ा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

बचाव पक्ष ने दी ये दलीलें

मोहित अरोड़ा की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि गोलीकांड में आरोपी पर न तो गोली चलाने और न ही वाहन चलाने का कोई प्रत्यक्ष आरोप है।

बचाव पक्ष के अनुसार, दर्ज मुकदमे में भी शुरुआत में उसका नाम शामिल नहीं था और उसके कब्जे से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। हथियार सह-आरोपी समीर चौधरी से बरामद किया गया था।

बचाव पक्ष ने यह भी बताया कि मोहित अरोड़ा 31 मार्च 2026 से जेल में बंद है और करीब आठ महीने से न्यायिक हिरासत में है। मामले के एक अन्य सह-आरोपी को पहले ही जमानत मिल चुकी है, जबकि मुकदमे के निस्तारण में अभी लंबा समय लग सकता है।

सरकार ने किया जमानत का विरोध

राज्य सरकार की ओर से जमानत याचिका का विरोध किया गया। सरकारी पक्ष ने दलील दी कि मामला हत्या जैसे गंभीर अपराध से जुड़ा है, इसलिए आरोपी को जमानत नहीं दी जानी चाहिए।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने मोहित अरोड़ा को निर्धारित शर्तों के साथ जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।