IAS अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल। देखें लिस्ट….
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के छह अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव किया है।
17 नवंबर 2026 को कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 की ओर से जारी शासनादेश के तहत अधिकारियों के वर्तमान कार्यभार में संशोधन करते हुए कुछ से अतिरिक्त जिम्मेदारियां वापस ली गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को नए विभागों का प्रभार सौंपा गया है।
शासनादेश के अनुसार, नितेश कुमार झा (IAS-2002), जो सचिव शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उनसे सचिव पंचायती राज विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है।
वहीं, सी. रविशंकर (IAS-2009) को सचिव सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह वर्तमान में औद्योगिक विकास एवं वन, पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इसी क्रम में युगल किशोर पंत (IAS-2009) से सैनिक कल्याण विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। वह सचिव संस्कृति एवं सचिवालय प्रशासन विभाग के साथ महानिदेशक संस्कृति की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
उमेश नारायण पांडेय (IAS-2010) को सचिव पंचायती राज विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह वर्तमान में सचिव पुनर्गठन एवं भाषा विभाग सहित अन्य विभागीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
इसके अलावा विनीत कुमार (IAS-2013) को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह वर्तमान में अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
वहीं, दीप्ति सिंह (IAS-2017) से निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का प्रभार वापस ले लिया गया है। वह वर्तमान में निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
शासन की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान कार्यभार से अवमुक्त होकर नई जिम्मेदारी ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने की सूचना कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय जिम्मेदारियों के पुनर्निर्धारण के रूप में देखा जा रहा है।



