मॉनसून का कहर बरकरार! देहरादून में प्रशासन अलर्ट, उत्तरकाशी में भूस्खलन से पांच घर प्रभावित
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी तल्ख बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून में मौसम विभाग ने तीन घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तरकाशी के उडरी गांव में भारी भूस्खलन से पांच घरों को नुकसान पहुंचा है।
वहीं नैनीताल-ज्योलीकोट मार्ग पर मलबा आने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
देहरादून में मौसम विभाग ने सुबह 10:21 बजे से दोपहर 1:21 बजे तक छिद्दरवाला, डोईवाला, सेलाकुई, रायवाला और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से तीव्र तथा अति तीव्र बारिश की संभावना जताई।
इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी संबंधित विभागों, एसडीएम और तहसील स्तर पर तैनात क्यूआरटी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने पेड़ गिरने, टहनियां टूटने, जलभराव और सड़कें अवरुद्ध होने जैसी परिस्थितियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। नगर निगम और नगर निकायों के अधिकारियों को भी जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जाने से बचने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति की सूचना 1077 पर डीडीएमओ को देने को कहा गया है।
उत्तरकाशी में भूस्खलन से पांच घरों को नुकसान
लगातार बारिश के बीच उत्तरकाशी के उडरी गांव में अचानक भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर खिसककर गांव की ओर आ गए।
मलबा कई घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। खतरा बढ़ता देख ग्रामीण घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
भूस्खलन में पांच घरों को भारी नुकसान पहुंचा है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दौरान अचानक पहाड़ी से मलबा आने लगा और देखते ही देखते यह घरों तक पहुंच गया। कई घरों में मलबा भरने से सामान के भी नुकसान की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। लगातार बारिश के कारण दोबारा भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
नैनीताल-ज्योलीकोट मार्ग पर मलबा, पुलिस ने खुलवाया रास्ता
मउधर, लगातार बारिश के बीच नैनीताल-ज्योलीकोट मार्ग पर अचानक मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ। दो गांव के पास सड़क पर मलबा आने की सूचना मिलते ही ज्योलीकोट पुलिस मौके पर पहुंची।
हाईवे पेट्रोल-3 में तैनात कांस्टेबल अनूप सिंह और कांस्टेबल प्रदीप सिंह ने जेसीबी की मदद से मलबा हटवाकर मार्ग को साफ कराया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही समय में यातायात सुचारू हो गया और संभावित लंबे जाम से यात्रियों को राहत मिली। बारिश के बीच पुलिस की मुस्तैदी की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सराहना की।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को नैनीताल, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
भारी बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। नदी-नाले भी उफान पर हैं और कई स्थानों पर जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
आपदा प्रबंधन विभाग और प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी अलर्ट मोड पर रखी गई हैं।


