क्राइम रिपोर्ट: फायरिंग, ट्रक चोरी, गंगा रेस्क्यू और नहर में लापता बच्चा। उत्तराखंड की 5 बड़ी खबरें एक साथ, पढ़ें….

फायरिंग, ट्रक चोरी, गंगा रेस्क्यू और नहर में लापता बच्चा। उत्तराखंड की 5 बड़ी खबरें एक साथ, पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को अलग-अलग घटनाओं से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। हल्द्वानी RTO में प्रशासनिक अधिकारी द्वारा सहकर्मी पर फायरिंग किए जाने से सनसनी फैल गई।

वहीं हरिद्वार में माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुआ करीब 35 लाख रुपये का 12 टायरा ट्रक पुलिस ने बरामद कर लिया। हरिद्वार में ही गंगा के तेज बहाव में बहे करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग को स्थानीय गोताखोरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचा लिया।

उधर, SSC ऑनलाइन परीक्षा में रिमोट एक्सेस के जरिए नकल कराने के आरोपी की जमानत कोर्ट ने खारिज कर दी। देहरादून में 10 वर्षीय बच्चे के नहर में गिरने के बाद SDRF और फायर ब्रिगेड का सर्च ऑपरेशन जारी है।

हल्द्वानी RTO में सहकर्मी पर गोली चलाने से हड़कंप

हल्द्वानी स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय में एक प्रशासनिक अधिकारी ने अपने ही सहकर्मी पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली कर्मचारी को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। गोली कार्यालय की अलमारी में रखे दस्तावेजों में जा धंसी।

बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी को कुछ दिन पहले उसके सेवा पटल से हटाकर दूसरे विभाग से संबद्ध किया गया था, जिससे वह नाराज चल रहा था। मंगलवार दोपहर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसे अधिकारियों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया।

इसके बाद आरोपी घर गया और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर दोबारा कार्यालय पहुंचा। शाम करीब चार बजे उसने फिर कहासुनी के दौरान फायर कर दिया। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।

पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ फॉरेंसिक साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी की तलाश जारी है।

हरिद्वार में 35 लाख का चोरी हुआ ट्रक बरामद, दो गिरफ्तार

श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र के जंगल से बरामद कर लिया है। मामले में नजीबाबाद, बिजनौर निवासी शहजाद परवेज और हबीब खां को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट हटा दी थी और उसे जंगल की झाड़ियों में छिपा दिया था।

हालांकि चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर पुलिस ने ट्रक की पहचान कर ली। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

गंगा में बहते 70 वर्षीय बुजुर्ग को गोताखोरों ने बचाया

हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में हाथी पुल के पास गंगा के तेज बहाव में बह रहे करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग को स्थानीय गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बुजुर्ग को बहता देखकर दो युवकों ने तुरंत गंगा में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाल लिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने युवकों के साहस की सराहना की है। पुलिस ने गंगा का जलस्तर और बहाव अधिक होने के कारण लोगों से नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की है।

SSC नकल मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत नहीं

देहरादून में SSC की ऑनलाइन परीक्षा में रिमोट एक्सेस के जरिए कथित नकल कराने के मामले में आरोपी प्रदीप चौहान की जमानत याचिका सत्र न्यायालय ने खारिज कर दी।

अभियोजन के अनुसार, आरोपी अन्य लोगों के साथ मिलकर परीक्षा केंद्र के नेटवर्क को बाहर बैठे सॉल्वर से जोड़ने की व्यवस्था करता था।

आरोप है कि सॉल्वर अभ्यर्थियों के प्रश्नपत्र बाहर से हल करते थे और इसके बदले पैसे लिए जाते थे। बचाव पक्ष ने आरोपी को निर्दोष बताते हुए जमानत की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से इनकार कर दिया।

देहरादून में नहर में गिरा 10 वर्षीय बच्चा, तलाश जारी

रायपुर क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्चा नहर में गिरने के बाद लापता हो गया। सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस के साथ SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

लापता बच्चे की पहचान केपी पुत्र सोनू लाल, निवासी बालावाला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग है और उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं।

लगातार बारिश के कारण नदियों और नहरों में तेज बहाव को देखते हुए पुलिस-प्रशासन लोगों से जलधाराओं के आसपास नहीं जाने की अपील कर रहा है। बचाव दल बच्चे की तलाश में जुटा हुआ है।