बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में फिर बिगड़ा मौसम, तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी

उत्तराखंड में फिर बिगड़ा मौसम, तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर तल्ख बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और कुछ स्थानों पर तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

देहरादून, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, उधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।

पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में तेज बारिश से जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।

राजधानी देहरादून में भी आसमान आंशिक से लेकर आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा। यहां हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने पहले ही कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। संपर्क मार्ग बाधित होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हो रही है। नदी-नाले उफान पर हैं और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ जाता है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा से बचें।

भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष सतर्कता बरतें और पहाड़ियों के नीचे या नदी-नालों के किनारे जाने से बचें। नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मैदानी क्षेत्रों में जलभराव से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। बारिश के इस दौर के बीच उत्तराखंड में अगले कुछ समय तक सतर्कता बरतना बेहद जरूरी माना जा रहा है।