भ्रष्टाचार पर प्रहार। रिश्वत लेते हुए सहायक कृषि अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
देहरादून। कृषि यंत्र खरीदने पर मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामला हरिद्वार जिले के विकासखंड खानपुर का है। शिकायतकर्ता के भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सब्सिडी का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था।
आरोप है कि सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के बदले हरिओम यादव, पुत्र स्व. लाल सिंह, निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल, हाल सहायक कृषि अधिकारी, विकासखंड खानपुर ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत पर बिछाया जाल
रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। 18 अगस्त 2026 को टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सहायक कृषि अधिकारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की सख्ती का संदेश भी गया है।


