खास खबर: उत्तराखंड में दिनभर का बड़ा अपडेट। अपराध, हादसे, पुलिस एक्शन और बारिश से बढ़ी मुश्किलें

उत्तराखंड में दिनभर का बड़ा अपडेट। अपराध, हादसे, पुलिस एक्शन और बारिश से बढ़ी मुश्किलें

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को अपराध, पुलिस कार्रवाई, सड़क हादसों और मानसून जनित घटनाओं ने प्रदेशभर में सुर्खियां बटोरीं।

देहरादून में एक कॉलेज छात्रा ने पूर्व परिचित युवक पर पीछा करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया, जिसके बाद रानीपोखरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

वहीं हरिद्वार के मंगलौर में कांवड़ यात्रा के दौरान कार में तोड़फोड़ और चालक से मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी राजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने साफ कहा है कि आस्था की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और अन्य आरोपियों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

उधर दून पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 11 दोपहिया गाड़ियां बरामद हुई हैं। पूछताछ में उसने महंगे शौक पूरे करने के लिए सुनसान इलाकों से वाहन चोरी करने और उन्हें जंगल में छिपाने की बात कबूल की है।

मानसून के बीच कई हादसे भी सामने आए। हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर विशाल चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया, जहां मौके से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने राहत कार्य शुरू कराया।

रामनगर में विदेशी शराब की दुकान में एसी फटने से भीषण आग लग गई, जबकि मसूरी माल रोड पर एक अनियंत्रित जीप रेस्टोरेंट में घुस गई। दोनों घटनाओं में बड़ा हादसा टल गया।

रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र में घास काटने गई एक महिला उफनते गदेरे में बह गई, जिसका शव बाद में बरामद किया गया। हरिद्वार में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे गर्डर गिरने से दो कांवड़ियों की मौत के मामले में एनएचएआई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी में भूस्खलन जोन से विशाल बोल्डर गिरने से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि संयोग से कोई जनहानि नहीं हुई।