उत्तराखंड में हादसे, बारिश और अपराध। चार युवकों की मौत, दीवार ढही, हत्यारा गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार देर रात और रविवार को कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। देहरादून में भारी बारिश के चलते सुरक्षा दीवार ढहने से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए और एक महिला घायल हुई।
उधम सिंह नगर में एसएसपी ने लापरवाही बरतने पर दो पुलिस अधिकारियों को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि अल्मोड़ा के रानीखेत में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा, चार युवकों की मौत
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के पहिए तक निकल गए।
गंभीर रूप से घायल राहुल राजपूत (17), शिवम (25), अंशुल आर्य (20) और आदित्य टम्टा (18) को अस्पताल ले जाया गया, जहां चारों की मौत हो गई। पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
देहरादून में बारिश का कहर, सुरक्षा दीवार ढही
राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच विजय कॉलोनी की खाला बस्ती में सुरक्षा दीवार गिरने से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। मलबे की चपेट में आने से विमला देवी घायल हो गईं, जिन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मौके का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए।
उधम सिंह नगर में दो पुलिस अधिकारी लाइन हाजिर
उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ और पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
शिकायतों के निस्तारण में देरी और विवेचनाओं की निगरानी में शिथिलता को कार्रवाई का आधार बताया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों के प्रति लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रानीखेत हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
अल्मोड़ा जिले के रानीखेत के ऐना गांव में युवक सागर सिंह की हत्या और दो महिलाओं पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो महीने पहले शादी समारोह में हुए विवाद और आपसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन भी बरामद कर लिया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

