वीडियो: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर पहली बारिश में गड्ढे, वायरल वीडियो के बाद NHAI की सफाई और कार्रवाई

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर पहली बारिश में गड्ढे, वायरल वीडियो के बाद NHAI की सफाई और कार्रवाई

देहरादून। देश की महत्वाकांक्षी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना पहली ही भारी बारिश के बाद विवादों में आ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक्सप्रेसवे के एक हिस्से पर बड़े और गहरे गड्ढे दिखाई देने के बाद निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

देखें वीडियो:-

मामले ने तूल पकड़ने पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सफाई जारी करते हुए घटना के कारण बताए और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा की है।

उत्तर प्रदेश के शामली जिले के हाथी करौंदा गांव के पास का बताया जा रहा वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो बनाने वाले चालक ने दावा किया कि गहरे गड्ढों के कारण कई वाहन असंतुलित हो गए और कुछ कारों के अलॉय व्हील भी क्षतिग्रस्त हुए। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

करीब 212 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री 14 अप्रैल 2026 को कर चुके हैं। लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे ने दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय लगभग 8 घंटे से घटाकर 2 घंटे कर दिया है।

इसकी प्रमुख विशेषताओं में राजाजी राष्ट्रीय उद्यान से होकर गुजरने वाला लगभग 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी शामिल है।

NHAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि भारी बारिश के कारण प्रभावित हिस्से में पानी भर गया था। प्राधिकरण के अनुसार, स्थायी क्रॉस-ड्रेनेज सिस्टम तैयार था, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण उसे चालू नहीं किया जा सका।

बैलेंसिंग कलवर्ट को जोड़ने की अनुमति नहीं मिलने और उसके मार्ग का वाहनों की आवाजाही के लिए उपयोग किए जाने से पानी की निकासी बाधित हुई, जिसके चलते सड़क का हिस्सा प्रभावित हुआ।

प्राधिकरण ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कर दी गई है और एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया है। स्थायी ड्रेनेज सिस्टम शुरू होने तक पानी की निकासी के लिए अस्थायी समानांतर नाला भी बनाया जा रहा है तथा पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए NHAI ने संबंधित प्रोजेक्ट डायरेक्टर, अथॉरिटी इंजीनियर और EPC कॉन्ट्रैक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही अथॉरिटी इंजीनियर के टीम लीडर और ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

उधर वायरल वीडियो के बाद विपक्ष ने भी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने भी वीडियो साझा कर परियोजना की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।

सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, वहीं NHAI का कहना है कि घटना के कारणों की जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।