बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट। 2 जुलाई को सभी जिलों में होगी मेगा मॉक ड्रिल, प्रशासन अलर्ट 

उत्तराखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट। 2 जुलाई को सभी जिलों में होगी मेगा मॉक ड्रिल, प्रशासन अलर्ट 

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होते ही राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

देहरादून समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को 24×7 सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

SEOC ने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, कंट्रोल रूम की निरंतर निगरानी और आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, भूस्खलन या सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने तथा राहत कार्यों में तेजी लाने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर सहित कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

इसी बीच मानसून आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 2 जुलाई को राज्य के सभी 13 जिलों में राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

इस दौरान पूरे प्रदेश में 66 स्थानों पर आपदा राहत एवं बचाव अभ्यास होगा, जिनमें करीब 95 प्रतिशत नए स्थान शामिल किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का निरीक्षण करेंगे।

मॉक ड्रिल से पहले टेबल टॉप एक्सरसाइज के माध्यम से विभिन्न विभागों की तैयारियों का परीक्षण किया गया। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और फायर सर्विस ने आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों का प्रदर्शन भी किया। साथ ही ‘सचेत’ और ‘भूदेव’ ऐप के जरिए आपदा पूर्व चेतावनी और राहत व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

आपदा प्रबंधन सचिव ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।