Weather Alert: उत्तराखंड में मानसून की दस्तक, इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में मानसून की दस्तक, इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार आज (28 जून) से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 28 और 29 जून को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 जून को कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

एक जुलाई को भी मौसम का मिजाज खराब बना रहेगा। विभाग ने नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में आगामी तीन से चार दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचें। भूस्खलन संभावित इलाकों और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें, क्योंकि तेज बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।