न्यायिक सेवा में व्यापक बदलाव। हाईकोर्ट ने जारी की तबादलों और नियुक्तियों की सूची
नैनीताल। उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने राज्य न्यायिक सेवा में व्यापक फेरबदल करते हुए कई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों और सिविल जजों के तबादले व नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता की ओर से जारी अधिसूचना में विशेष पॉक्सो अदालतों को मजबूत करने और दूरदराज क्षेत्रों में न्यायिक पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।
हाईकोर्ट ने बच्चों के खिलाफ अपराधों से जुड़े मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों (पॉक्सो) में न्यायिक अधिकारियों की तैनाती की है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को उनके नजदीक न्यायिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित कैंप कोर्ट आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
किन जजों का हुआ तबादला और नई तैनाती?
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश/पॉक्सो अदालत
- रितेश कुमार श्रीवास्तव — द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, काशीपुर से काशीपुर में ही अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक विशेष अदालत (पॉक्सो) के पद पर तैनाती।
- अब्दुल कय्यूम — जज, परिवार न्यायालय, टिहरी से विकासनगर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक विशेष अदालत (पॉक्सो) के पद पर स्थानांतरण।
- कुसुम — अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत, टिहरी से देहरादून में एफटीसी/अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) के पद पर तैनाती।
- सुधीर तोमर — अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत, नैनीताल से नैनीताल में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक विशेष अदालत (पॉक्सो) के पद पर तैनाती।
सिविल जज (जूनियर डिवीजन)
- शंभू नाथ सिंह सेथवाल — उधम सिंह नगर से देहरादून स्थानांतरित।
- अनिल कुमार कोरी — जोशीमठ (चमोली) से द्वाराहाट (अल्मोड़ा) स्थानांतरित।
- प्रतीक मथेला — उधम सिंह नगर में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के पद पर तैनात।
- अनुराग त्रिपाठी — देहरादून में प्रथम अतिरिक्त सिविल जज नियुक्त।
- प्रतीक्षा केसरवानी — उधम सिंह नगर में प्रथम अतिरिक्त सिविल जज नियुक्त।
- ईशांक — देहरादून में द्वितीय अतिरिक्त सिविल जज नियुक्त।
- नवीन राणा — देहरादून में तृतीय अतिरिक्त सिविल जज नियुक्त।
- परमिंदर कौर — धुमाकोट (पौड़ी) से हरिद्वार में तृतीय अतिरिक्त सिविल जज के पद पर स्थानांतरित।
- नेहा — सतपुली (पौड़ी गढ़वाल) से उधम सिंह नगर में द्वितीय अतिरिक्त सिविल जज के पद पर स्थानांतरित।
- धनिष्ठा आर्या — हरिद्वार में चतुर्थ अतिरिक्त सिविल जज नियुक्त।
- ज्योति सिंह — हरिद्वार से देहरादून में चतुर्थ अतिरिक्त सिविल जज के पद पर स्थानांतरित।
दूरदराज क्षेत्रों में लगेंगे कैंप कोर्ट
पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को न्याय के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए हाईकोर्ट ने नियमित कैंप कोर्ट आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
- लैंसडाउन के सिविल जज हर महीने के अंतिम सप्ताह में दो दिन धुमाकोट में कैंप कोर्ट लगाएंगे।
- कोटद्वार के सिविल जज हर महीने दो दिन सतपुली में कैंप कोर्ट संचालित करेंगे।
- चमोली के सिविल जज हर महीने लगातार पांच दिन ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में कैंप कोर्ट लगाएंगे।
- टिहरी के सिविल जज हर महीने तीन दिन प्रतापनगर में कैंप कोर्ट आयोजित करेंगे।
अन्य महत्वपूर्ण सिफारिशें
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को टिहरी और नैनीताल के जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को उनके-अपने जिलों में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने की सिफारिश की गई है।
इसके अलावा, टिहरी के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नसीम अहमद को सप्ताह में दो दिन परिवार न्यायालय के न्यायाधीश का अतिरिक्त प्रभार देने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।
हाईकोर्ट का यह कदम न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने, पॉक्सो मामलों के त्वरित निस्तारण और दूरदराज क्षेत्रों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


