UKSSSC ने 370 पदों पर भर्ती को लेकर आयोग ने जारी किया नया अपडेट। अभी देखें….
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के अंतर्गत अनुदेशक संवर्ग के 370 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है।
आयोग की ओर से लिखित परीक्षा और अभिलेख सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों की प्रवीणता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी गई है।
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 55/उ०अ० से०च०आ०/2024 दिनांक 16 फरवरी 2024 के तहत अनुदेशक संवर्ग के कुल 370 पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा 20 नवंबर 2024 से 14 दिसंबर 2024 तक विभिन्न पालियों में आयोजित की गई थी।
लिखित परीक्षा के बाद जिन अभ्यर्थियों ने आयोग को प्रत्यावेदन एवं ऑनलाइन माध्यम से NCIC (National Craft Instructor Certificate) प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए थे, उनमें से 334 अभ्यर्थियों की श्रेणीवार एवं उपश्रेणीवार औपबंधिक श्रेष्ठता सूची 29 अप्रैल 2026 को जारी की गई।
इन अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा 5 मई से 7 मई 2026 तक आयोग कार्यालय में कराई गई।
आयोग ने बताया कि प्रथम चरण में कुछ अभ्यर्थियों का चयन एक से अधिक ट्रेडों में होने तथा विज्ञापन में निर्धारित अनुभव संबंधी अनिवार्य अर्हताओं के कारण सभी 370 पदों के लिए पर्याप्त पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके।
इसके बाद द्वितीय चरण में न्यूनतम अर्हक अंकों तक 168 अभ्यर्थियों की एक और औपबंधिक श्रेष्ठता सूची 13 मई 2026 को जारी की गई। इन अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा 18 मई 2026 को संपन्न कराई गई।
प्रथम और द्वितीय चरण की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र पाए गए अभ्यर्थियों की चयन संस्तुति अब नियोक्ता विभाग को भेजी जा रही है। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अंतिम प्रवीणता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट http://sssc.uk.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई है।

