क्राइम रिपोर्ट: उत्तराखंड में सख्ती का सुपरडे। कहीं हादसे तो कहीं पुलिस-प्रशासन का सख्त एक्शन, पढ़ें….

उत्तराखंड में सख्ती का सुपरडे। कहीं हादसे तो कहीं पुलिस-प्रशासन का सख्त एक्शन, पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार का दिन घटनाओं, हादसों और प्रशासनिक कार्रवाईयों के नाम रहा। एक ओर अल्मोड़ा के तड़म गांव में दो ग्रामीणों की मौत के बाद दहशत का कारण बने संदिग्ध बाघ को वन विभाग ने ट्रेंकुलाइज कर लिया।

वहीं हरिद्वार और रामनगर में सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। उधर उधम सिंह नगर में धर्मांतरण के तीन मामलों में मुकदमे दर्ज कर एसआईटी गठित की गई है, जबकि नैनीताल और लालकुआं में प्रशासन अवैध होमस्टे और कथित वित्तीय अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करता नजर आया।

तड़म गांव में पकड़ा गया संदिग्ध बाघ

रामनगर और अल्मोड़ा के सल्ट ब्लॉक स्थित तड़म गांव में पिछले डेढ़ महीने से दहशत का कारण बने संदिग्ध बाघ को वन विभाग और कॉर्बेट प्रशासन की टीम ने देर रात ट्रेंकुलाइज कर पकड़ लिया। यह वही क्षेत्र है, जहां 31 मार्च को खीम सिंह और 3 मई को महिपाल सिंह की बाघ के हमले में मौत हुई थी।

डॉ. दुष्यंत शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया बाघ नर है और उसकी उम्र करीब ढाई वर्ष है। अब उसके डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं ताकि यह पुष्टि हो सके कि दोनों मौतों के पीछे यही बाघ था या नहीं।

हरिद्वार हाईवे पर ट्रक-कार भिड़ंत

हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर श्यामपुर के पास देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंगा स्नान कर लौट रहे बरेली निवासी पांच यात्री घायल हो गए।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
नितेश शर्मा ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर है। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है।

धर्मांतरण मामलों में SIT जांच शुरू

उधम सिंह नगर में धर्मांतरण के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर SIT गठित की गई है।

खटीमा और नानकमत्ता क्षेत्रों में कथित तौर पर बीमारी ठीक करने, आर्थिक सहायता और प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

लालकुआं नगर पंचायत में अनियमितताओं की जांच

हल्द्वानी के लालकुआं नगर पंचायत में डस्टबिन खरीद, शौचालय पुनर्निर्माण, छठ पूजा स्थल निर्माण और अलाव के लिए लकड़ी खर्च में कथित अनियमितताओं की जांच शुरू हो गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। आम जनता से भी 16 मई तक साक्ष्य मांगे गए हैं।

नैनीताल में अवैध होमस्टे पर प्रशासन सख्त

नैनीताल में पर्यटन सीजन से पहले प्रशासन ने अवैध होमस्टे और गेस्ट हाउसों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। 197 होमस्टे के निरीक्षण में 169 में अनियमितताएं मिलीं, जबकि 44 बिना पंजीकरण संचालित पाए गए।
नवाजिश खालिक ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार में मॉडिफाइड साइलेंसरों पर बुलडोजर

हरिद्वार में पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। शंकराचार्य चौक पर जब्त साइलेंसरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें नष्ट किया गया।

नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

पौड़ी और रामनगर में सड़क हादसे

पौड़ी के सतपुली क्षेत्र में कुल्हाड़ बैंड के पास एक जेसीबी गहरी खाई में गिर गई, जिसमें चालक बाबूराम शर्मा की मौत हो गई।

वहीं रामनगर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में होमगार्ड प्रमोद कुमार और उनके तीन बच्चे घायल हो गए। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।