बिग ब्रेकिंग: देहरादून में लूट के बाद मुठभेड़। SHO को लगी गोली, एक बदमाश ढेर, दूसरा फरार

देहरादून में लूट के बाद मुठभेड़। SHO को लगी गोली, एक बदमाश ढेर, दूसरा फरार

देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों की गोली से थाना प्रभारी घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया और दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, देर रात सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस को देवराज नाम का व्यक्ति घायल अवस्था में मिला।

उसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे करीब 2 लाख रुपये, मोबाइल, डायरी और जरूरी दस्तावेज लूट लिए और उसे गोली मारकर जंगल की ओर भाग गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर संदिग्ध कार दिखाई देने पर घेराबंदी की गई, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौर गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घायल बदमाश, थाना प्रभारी और पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान बदमाश की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रमेंद्र डोबाल और प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे जिले में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मृत बदमाश की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है। वहीं घायल थाना प्रभारी और पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है।