UKSSSC अनुदेशक भर्ती की कोर्ट से राहत के बाद मेरिट लिस्ट जारी, 5 मई से दस्तावेज जांच
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा अनुदेशक संवर्ग भर्ती 2024 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। आयोग ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के अंतर्गत 370 पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम अब औपबंधिक श्रेष्ठता सूची के रूप में जारी कर दिया है।
यह परीक्षा 20 नवंबर 2024 से 14 दिसंबर 2024 के बीच विभिन्न पालियों में आयोजित की गई थी। हालांकि, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय में दाखिल याचिका (मनोज सिंह बिष्ट बनाम उत्तराखण्ड राज्य व अन्य) के चलते 19 नवंबर 2024 के अंतरिम आदेश के बाद परिणाम पर रोक लगा दी गई थी।
अब 23 अप्रैल 2026 को हाईकोर्ट ने संबंधित सभी याचिकाओं (संख्या-2156/2024 समेत अन्य) को खारिज करते हुए रास्ता साफ कर दिया है। इसके बाद आयोग ने अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत NCIC (National Craft Instructor Certificate) के आधार पर ट्रेडवार औपबंधिक मेरिट लिस्ट जारी की है।
आयोग के अनुसार, इस सूची में शामिल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की सन्निरीक्षा (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) 5 मई से 7 मई 2026 तक आयोग कार्यालय में की जाएगी।
अभ्यर्थी अपनी ट्रेडवार औपबंधिक श्रेष्ठता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (http://www.sssc.uk.gov.in) पर देख सकते हैं। साथ ही, सन्निरीक्षा का तिथिवार विस्तृत कार्यक्रम भी जल्द वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट का अवलोकन करते रहें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।

