देहरादून में संयुक्त पथ संचलन। अनुशासन, राष्ट्रभाव और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
देहरादून। सुभाषनगर, केदारनगर और विवेकानंद नगर के स्वयंसेवकों द्वारा रविवार को संयुक्त पथ संचलन का भव्य आयोजन किया गया। पूर्ण गणवेश में निकले स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और राष्ट्रभावना का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।
पथ संचलन निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए विभिन्न प्रमुख स्थलों तक पहुंचा, जहां स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
“3P” पर काम करने का आह्वान
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सह विभाग प्रचारक सौरभ जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए समाज में सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने “3P” पानी, पर्यावरण और प्रदूषण को वर्तमान समय की प्रमुख चुनौतियां बताते हुए इन पर जनजागरण और ठोस कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और प्रदूषण नियंत्रण जैसे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े परिवर्तन का आधार बन सकते हैं।
“पंच परिवर्तन” पर विशेष जोर
अपने संबोधन में उन्होंने “पंच परिवर्तन” के महत्व को भी रेखांकित किया। इसके प्रमुख आयाम हैं:-
- नागरिक कर्तव्य
- कुटुंब प्रबोधन
- स्वदेशी का प्रयोग
- पर्यावरण संरक्षण
- सामाजिक समरसता
उन्होंने कहा कि यदि स्वयंसेवक इन सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाएं, तो समाज में व्यापक सकारात्मक बदलाव संभव है।
अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के साथ समापन
कार्यक्रम का समापन अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में हुआ। इस अवसर पर आनंद रावत, उमादत्त सेमवाल, रवि देवानंद, अनिल डोरा, विजय गुरानी, शंकर आनंद, विष्णु, विजय आनंद, खिलाफ गढ़िया, हरेंद्र कंडारी, जगदीप राणा और अशोक सुंदरियां सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।




